नई दिल्ली: देश में मार्च महीने की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है. कई शहरों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और लोगों के लिए बिना एयर कंडीशनर (AC) के रहना मुश्किल होता जा रहा है.
जिन घरों में पहले से एसी लगे हैं, वहां लोग अतिरिक्त एसी लगाने की योजना बना रहे हैं, जबकि कई परिवार पहली बार एसी खरीदने का मन बना रहे हैं. लेकिन इस बढ़ती मांग के बीच ग्राहकों के लिए एक चिंता की खबर सामने आई है. देश की प्रमुख एसी निर्माता कंपनियों ने एयर कंडीशनर की कीमतों में बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है.
एयर कंडीशनर बनाने वाली कई प्रमुख कंपनियों ने फरवरी से अप्रैल के बीच अपने उत्पादों की कीमतें बढ़ाने की घोषणा की है. इनमें Daikin, Voltas, Blue Star, LG, Haier और Mitsubishi Heavy Industries जैसी बड़ी कंपनियां शामिल हैं. रिपोर्ट के अनुसार, एसी की कीमतों में 5 प्रतिशत से लेकर 15 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की जा रही है. यह फैसला ऐसे समय लिया गया है जब देश में गर्मी का मौसम शुरू होने वाला है और एसी की मांग तेजी से बढ़ रही है.
कंपनियों का कहना है कि एसी की कीमतों में बढ़ोतरी की सबसे बड़ी वजह कच्चे माल की लागत बढ़ना है. खास तौर पर तांबे जैसे धातु की कीमतों में अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेज उछाल आया है, जो एसी के निर्माण में अहम भूमिका निभाता है. इसके अलावा डॉलर की कीमत बढ़ने से आयात किए जाने वाले कलपुर्जे भी महंगे हो गए हैं. रुपये की कमजोरी ने इस स्थिति को और कठिन बना दिया है. वहीं, सरकार द्वारा लागू किए गए नए ऊर्जा दक्षता मानकों के कारण एसी अधिक बिजली बचाने वाले तो हो गए हैं, लेकिन उनकी निर्माण लागत भी पहले से ज्यादा हो गई है.
Daikin इंडिया के चेयरमैन कंवलजीत जावा के अनुसार, कंपनी अप्रैल से एसी की कीमतों में लगभग 12 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करेगी. उनका कहना है कि वैश्विक परिस्थितियों के कारण माल ढुलाई की लागत भी काफी बढ़ गई है. वहीं, Blue Star के प्रबंध निदेशक बी. त्यागराजन ने बताया कि उनकी कंपनी पहले ही 8 से 10 प्रतिशत तक कीमतें बढ़ा चुकी है. हालांकि, बाजार में पुराने स्टॉक की वजह से ग्राहकों को इसका असर धीरे-धीरे देखने को मिलेगा. टाटा समूह की कंपनी Voltas भी अलग-अलग मॉडलों के आधार पर 5 से 15 प्रतिशत तक कीमतों में बदलाव कर रही है.
कीमतों में बढ़ोतरी के बाद अलग-अलग क्षमता वाले एसी की कीमतों में भी बदलाव देखने को मिल सकता है. उदाहरण के तौर पर Hitachi 2 Ton 3 Star Xpandable Inverter Split AC अभी ऑनलाइन करीब 45 हजार रुपये में मिल रहा है, जो आने वाले समय में 4 से 5 हजार रुपये तक महंगा हो सकता है. इसी तरह Daikin 1 Ton 3 Star Inverter Split AC की मौजूदा कीमत लगभग 32 हजार रुपये है, जो बढ़ोतरी के बाद करीब 35 हजार रुपये से ज्यादा हो सकती है.
हालांकि, कीमतें बढ़ने के बावजूद कंपनियों को उम्मीद है कि इस साल एसी की बिक्री में करीब 15 प्रतिशत तक बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है. मौसम विभाग द्वारा भीषण गर्मी का अनुमान और बिजली बचाने वाले नए स्टार-रेटेड एसी मॉडल इस बढ़ती मांग की मुख्य वजह माने जा रहे हैं.