menu-icon
India Daily

जोमैटो के बाद अब स्विगी ने बढ़ाई प्लेटफॉर्म फीस, अब ग्राहरों को हर ऑर्डर पर देने होंगे इतने रुपए

Swiggy और Zomato ने एक बार फिर प्लेटफॉर्म फीस बढ़ाकर 17.58 रुपये कर दी है. सात महीनों में यह चौथी बढ़ोतरी है, जिससे कंपनियों की कमाई बढ़ेगी और ग्राहकों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
जोमैटो के बाद अब स्विगी ने बढ़ाई प्लेटफॉर्म फीस, अब ग्राहरों को हर ऑर्डर पर देने होंगे इतने रुपए
Courtesy: pinterest

देश की प्रमुख फूड डिलीवरी कंपनियां Swiggy और Zomato ने एक बार फिर ग्राहकों के लिए प्लेटफॉर्म फीस बढ़ा दी है. Swiggy ने अपनी फीस 14.99 रुपये से बढ़ाकर 17.58 रुपये कर दी है, जिसमें GST शामिल है. वहीं Zomato की कुल फीस भी अब 17.58 रुपये तक पहुंच गई है. पिछले सात महीनों में यह चौथी बार है जब Swiggy ने अपनी फीस में इजाफा किया है, जिससे साफ है कि कंपनियां अपने रेवेन्यू मॉडल को लगातार मजबूत करने में लगी हैं.

बार-बार बढ़ती फीस

Swiggy ने हालिया बढ़ोतरी के साथ अपनी फीस करीब 17 प्रतिशत बढ़ा दी है. इससे पहले भी कंपनी कई बार छोटे-छोटे अंतराल में शुल्क बढ़ा चुकी है. Zomato ने भी अपने बेस चार्ज में बढ़ोतरी कर इसे धीरे-धीरे इसी स्तर तक पहुंचाया है. दोनों कंपनियों की फीस अब समान हो गई है, भले ही उनकी गणना का तरीका अलग हो.

कमाई का नया जरिया

पहले प्लेटफॉर्म फीस महज 2 रुपये के आसपास होती थी, लेकिन अब यह कंपनियों के लिए कमाई का बड़ा जरिया बन गई है. हर दिन लाखों ऑर्डर प्रोसेस होने के कारण यह छोटी रकम भी कुल मिलाकर बड़ी आय में बदल जाती है. अनुमान है कि रोजाना 40 से 45 लाख ऑर्डर पूरे होते हैं.

बाजार में बढ़ती प्रतिस्पर्धा

रेस्टोरेंट्स के साथ कमीशन को लेकर खींचतान और बढ़ती प्रतिस्पर्धा ने कंपनियों के लिए नए विकल्प सीमित कर दिए हैं. ऐसे में ग्राहकों से सीधे शुल्क लेना एक आसान और स्थिर तरीका बन गया है. कई नई कंपनियां कम कमीशन मॉडल के साथ बाजार में उतर रही हैं, जिससे दबाव और बढ़ रहा है.

आगे भी बढ़ सकते हैं चार्ज

डिजिटल कॉमर्स में अब इस तरह के छोटे-छोटे शुल्क आम हो गए हैं. फूड डिलीवरी से लेकर ई-कॉमर्स तक, हर प्लेटफॉर्म अतिरिक्त चार्ज जोड़ रहा है. मौजूदा रुझान को देखते हुए संभावना है कि आने वाले समय में प्लेटफॉर्म फीस में और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है, जिससे कंपनियां अपनी कमाई और बढ़ा सकेंगी.