menu-icon
India Daily

Toyota Land Cruiser FJ: थाईलैंड में लॉन्च हुई सबसे सस्ती लैंड क्रूजर, भारत में आएगी तो 36 लाख में मिलेगी दमदार ऑफ-रोडर

7 एयरबैग वाली सबसे सस्ती लैंड क्रूजर की कीमत 12.69 लाख THB (लगभग ₹36 लाख) है; भारत में 2026 के आखिर तक लॉन्च होने की उम्मीद है.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
Toyota Land Cruiser FJ: थाईलैंड में लॉन्च हुई सबसे सस्ती लैंड क्रूजर, भारत में आएगी तो 36 लाख में मिलेगी दमदार ऑफ-रोडर
Courtesy: @kotecinho

नई दिल्ली: टोयोटा ने थाईलैंड में अपनी सबसे किफायती लैंड क्रूजर FJ को लॉन्च कर दिया है. यह मॉडल उन लोगों के लिए अच्छी खबर है जो लैंड क्रूजर का मजबूत और ऑफ-रोड परफॉर्मेंस चाहते हैं लेकिन कम बजट में. अक्टूबर 2025 में ग्लोबल स्तर पर पेश की गई यह एसयूवी अब थाईलैंड में लोकल उत्पादन के साथ उपलब्ध हो गई है. इसमें आधुनिक फीचर्स के साथ-साथ क्लासिक लैंड क्रूजर वाली मजबूती भी दी गई है.

कीमत

भारत में भी इस गाड़ी की काफी चर्चा है क्योंकि यहां ऑफ-रोड और प्रीमियम एसयूवी की डिमांड लगातार बढ़ रही है. थाईलैंड में लॉन्च होने के बाद अब सबकी नजर भारत लॉन्च पर टिकी हुई है. अगर यह भारत आएगी तो कीमत करीब 36 लाख रुपये के आसपास रहने की उम्मीद है. फिलहाल कंपनी ने भारत लॉन्च की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन 2026 के अंत तक इसके आने की संभावना जताई जा रही है.

नई लैंड क्रूजर FJ की खासियतें

इस एसयूवी में 18 इंच के अलॉय व्हील्स, एलईडी प्रोजेक्टर हेडलाइट्स, बॉडी क्लैडिंग, टेलगेट पर स्पेयर टायर और पैनोरमिक व्यू मॉनिटर जैसे फीचर्स दिए गए हैं. इंटीरियर में 12.3 इंच का बड़ा इंफोटेनमेंट सिस्टम, 7 इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, टाइप-C चार्जिंग पोर्ट, ड्यूल जोन ऑटो एसी और ऑटो डिमिंग आईआरवीएम भी शामिल हैं. साथ ही 2.5 पीएम एयर फिल्टर जैसी सुविधाएं इसे और आकर्षक बनाती हैं.

सुरक्षा फीचर्स से लैस

टोयोटा ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सात एयरबैग्स, क्रूज कंट्रोल, ट्रैक्शन कंट्रोल, हिल असिस्ट, पार्किंग सेंसर्स, टीपीएमएस और एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) दिए हैं. ये सभी फीचर्स इसे आधुनिक और सुरक्षित बनाते हैं, खासकर ऑफ-रोड ड्राइविंग के दौरान.

दमदार इंजन और परफॉर्मेंस

नई लैंड क्रूजर FJ में 2.7 लीटर पेट्रोल इंजन दिया गया है जो 166 पीएस पावर और 245 न्यूटन मीटर टॉर्क उत्पन्न करता है. इसमें 6-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन और 4WD सिस्टम के साथ डिफरेंशियल लॉक भी है. इससे गाड़ी शहर की सड़कों से लेकर खराब रास्तों पर भी आसानी से चल सकती है.

थाईलैंड में कितनी है कीमत

टोयोटा ने लैंड क्रूजर FJ को थाईलैंड में 12.69 लाख THB की कीमत पर लॉन्च किया है. भारतीय रुपये में यह करीब 36 लाख रुपये बैठती है. यह कीमत इसे लैंड क्रूजर सीरीज की सबसे सस्ती मॉडल बनाती है.

भारत में कब आएगी FJ

अभी टोयोटा ने भारत लॉन्च की कोई आधिकारिक तारीख नहीं बताई है. लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि अगर कंपनी इसे भारतीय बाजार में लाती है तो 2026 के अंत तक लॉन्च हो सकता है. भारत में ऑफ-रोड प्रेमियों के बीच इसकी डिमांड पहले से ही काफी है.