menu-icon
India Daily

दमदार टर्बो इंजन, 7 एयरबैग और एडवांस ADAS के साथ नई Hyundai Verna 2026 लॉन्च; कीमत सिर्फ ₹10.98 लाख

हुंडई मोटर इंडिया ने 2026 Verna फेसलिफ्ट लॉन्च कर दी है, जिसकी शुरुआती कीमत 10.98 लाख रुपये है. नई सेडान में बेहतर डिजाइन, सात एयरबैग, लेवल-2 ADAS, टर्बो पेट्रोल इंजन और कई नए फीचर शामिल किए गए हैं.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
दमदार टर्बो इंजन, 7 एयरबैग और एडवांस ADAS के साथ नई Hyundai Verna 2026 लॉन्च; कीमत सिर्फ ₹10.98 लाख
Courtesy: social media

हुंडई मोटर इंडिया ने सोमवार को अपनी लोकप्रिय मिड-साइज सेडान वरना का 2026 फेसलिफ्ट मॉडल पेश किया. नई वरना की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 10.98 लाख रुपये रखी गई है. कंपनी ने इस अपडेट के साथ डिजाइन, सेफ्टी और टेक्नोलॉजी में 25 से अधिक सुधार किए हैं. दक्षिण कोरियाई कार निर्माता इस नए मॉडल के जरिए प्रीमियम सेडान सेगमेंट में अपनी स्थिति और मजबूत करना चाहती है, जहां इसका मुकाबला Volkswagen Virtus और Honda City जैसी कारों से होता है.

डिजाइन और एक्सटीरियर में बदलाव

नई 2026 Verna का लुक पहले से ज्यादा स्पोर्टी और आकर्षक बनाया गया है. इसमें ब्लैक क्रोम रेडिएटर ग्रिल, नए डिजाइन के फ्रंट और रियर बंपर दिए गए हैं. कार में डुअल LED प्रोजेक्टर हेडलैम्प और पूरी चौड़ाई में फैली LED लाइट बार दी गई है. साथ ही 16-इंच डायमंड-कट अलॉय व्हील्स भी जोड़े गए हैं. कंपनी ने दो नए कलर विकल्प Classy Blue और Titan Grey Matte भी पेश किए हैं, जो प्रीमियम फिनिश देते हैं.

केबिन में नए कम्फर्ट और टेक फीचर

इंटीरियर में आराम और उपयोगिता को ध्यान में रखते हुए कई नए फीचर जोड़े गए हैं. ‘इलेक्ट्रिक वॉक-इन’ डिवाइस इस सेगमेंट में पहली बार दिया गया है, जिससे पीछे बैठे यात्री सामने वाली सीट को इलेक्ट्रॉनिक तरीके से आगे खिसका सकते हैं. ड्राइवर सीट 8-वे पावर एडजस्टेबल है और इसमें मेमोरी फंक्शन भी है. डुअल 10.25-इंच स्क्रीन वाला डैशबोर्ड बरकरार रखा गया है, जबकि मीडिया और क्लाइमेट कंट्रोल के लिए स्विचेबल कंट्रोलर जोड़ा गया है.

सुरक्षा और ADAS टेक्नोलॉजी

सुरक्षा के मामले में नई Verna को मजबूत बनाया गया है. अब सभी वेरिएंट में सात एयरबैग स्टैंडर्ड दिए गए हैं, जिनमें सेंटर-साइड एयरबैग भी शामिल है. कार में लेवल-2 ADAS तकनीक मौजूद है, जिसमें लगभग 20 एडवांस ड्राइवर असिस्ट फीचर मिलते हैं. इनमें फॉरवर्ड कोलिजन वार्निंग, लेन-कीपिंग असिस्ट और एडैप्टिव क्रूज कंट्रोल जैसे सिस्टम शामिल हैं. इसके अलावा रियर-व्यू मिरर में बिल्ट-इन डैशकैम भी लगाया गया है.

इंजन, वेरिएंट और कीमत

2026 Verna में पहले की तरह दो पेट्रोल इंजन विकल्प मिलते हैं. 1.5-लीटर MPi इंजन 115 PS पावर और 144 Nm टॉर्क देता है, जिसे 6-स्पीड मैनुअल या IVT गियरबॉक्स के साथ चुना जा सकता है. वहीं 1.5-लीटर Turbo GDi इंजन 160 PS पावर और 253 Nm टॉर्क पैदा करता है. यह 6-स्पीड मैनुअल या 7-स्पीड DCT ट्रांसमिशन के साथ आता है. नई Verna छह वेरिएंट- HX2, HX4, HX6, HX6+, HX8 और HX10 में उपलब्ध है.