कोलकाताः पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) इस चुनाव में 200 से अधिक सीटें जीतकर सत्ता में वापसी करेगी. ममता बनर्जी ने एग्जिट पोल पर सवाल खड़े करते हुए कहा है कि यह सब केवल स्टॉक मार्केट को प्रभावित करने की साजिश है. इससे पहले 2022 में विधानसभा चुनाव और 2024 में लोकसभा चुनाव के समय भी एग्जिट पोल के जरिए बाजार को प्रभावित करने के लिए ऐसा खेल किया गया था.
टीएमसी अध्यक्ष ममता बनर्जी ने शनिवार को काउंटिंग एजेंट्स को वचुअली संबोधित करते हुए कहा कि बंगाल में टीएमसी फिर से सरकार बनाने जा रही है. उन्होंने एजेंट्स को बूस्टअप करते हुए कहा कि डरें नहीं, कुछ गलत हो तो उसका डटकर मुकाबला करें. टीएमसी इस चुनाव में 200 से अधिक सीटें जीतकर सत्ता में वापसी कर रही है. इसमें कोई दो राय नहीं है, जनता ने टीएमसी को जमकर वोट किया है, हमें सरकार में आने से कोई नहीं रोक सकता.
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) पर टीएमसी कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित करने के आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि हमारे जिन कार्यकर्ताओं के साथ सीएपीएफ ने दुर्व्यवहार किया है, उन्होंने जमकर अपने वोट की पहरेदारी की, पार्टी उन सब कार्यकर्ताओं को सम्मानित करने का काम करेगी.
बता दें कि बीजेपी नेता अमित मालवीय ने आरोप लगाया है कि डायमंड हार्बर के फालता क्षेत्र में कई पोलिंग बूथों पर मतदाताओं को मताधिकार का प्रयोग नहीं करने दिया गया. केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की मौजूदगी में माइक्रो ऑर्ब्जवर पुनर्मतदान पर कड़ी नजर बनाए रहे. बता दें कि आज 24 परगना जिले के दो विधानसभा क्षेत्रों में रीपोलिंग हो रही है. रीपोलिंग में मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शाम 5 बजे तक डायमंड हार्बर में 87.60% और मगराहट पश्चिम में 86.11% मतदान दर्ज किया गया है.
एग्जिट पोल्स के मुताबिक बंगाल में बीजेपी और टीएमसी के बीच कड़ा मुकाबला बताया गया है. कुछ एग्जिट पोल बीजेपी की जीत के दावे भी कर रहे हैं, हालांकि ममता बनर्जी ने एक्जिट पोल को नकारते हुए कहा है कि अंतिम फैसला जनता के हाथ में है, वह फैसला ले चुकी है और 4 मई को जनता का फैसला सबके सामने होगा.