menu-icon
India Daily

पश्चिम बंगाल में करारी हार के बाद ममता बनर्जी की पहली प्रतिक्रिया, बीजेपी पर लगाए गंभीर आरोप

 पश्चिम बंगाल में भारी अंतर से हार के बाद ममता बनर्जी ने बीजेपी पर 100 से ज्यादा सीटें चुराने का आरोप लगाया है. उन्होंने केंद्र, चुनाव आयोग और केंद्रीय बलों पर पक्षपात करने का गंभीर आरोप लगाते हुए इसे ‘अनैतिक जीत’ बताया.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
पश्चिम बंगाल में करारी हार के बाद ममता बनर्जी की पहली प्रतिक्रिया, बीजेपी पर लगाए गंभीर आरोप
Courtesy: pinterest

पश्चिम बंगाल में जहां एक तरफ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) 200 से ज्यादा सीटें जीतकर जोरदार वापसी कर रही है, वहीं दूसरी तरफ सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) महज 80 सीटों पर सिमटती नजर आ रही है. इन नतीजों ने राजनीति के गलियारों में हलचल मचा दी है. इसी बीच यह बवाल तब और बढ़ गया जब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मैदान में उतरकर बीजेपी पर बड़ा हमला बोला. उन्होंने न सिर्फ चुनाव प्रक्रिया को धांधली बताया बल्कि यह भी दावा किया कि उनके साथ अंदर ही अंदर मारपीट भी हुई.

‘बीजेपी दानवों की पार्टी है’

परिणाम आने के तुरंत बाद ममता बनर्जी अपने विधानसभा क्षेत्र भवानीपुर के काउंटिंग सेंटर पहुंची. वहां उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में आरोपों की झड़ी लगा दी. उन्होंने कहा, ‘भाजपा दानवों की पार्टी है. इन्होंने 100 से ज्यादा सीटें लूटीं और ठगी की है. यह चुनाव आयोग नहीं, भाजपा आयोग है.’ ममता ने अपने संबोधन में कहा कि उन्होंने राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी से लेकर जिला अधिकारियों तक सभी से शिकायत की, लेकिन किसी ने कोई कार्रवाई नहीं की. उन्होंने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री पर भी चुनाव प्रक्रिया में हस्तक्षेप करने का आरोप लगाते हुए पूरे चुनाव को ‘अवैध’ करार दे दिया.

‘मेरे साथ हुई मारपीट’

ममता ने सिर्फ सीटें चुराने का ही आरोप नहीं लगाया, बल्कि अपने साथ मारपीट होने की भी बात कही. भावुक होते हुए ममता ने कहा, ‘मुझे अंदर जाने नहीं दिया गया. यह पूरी तरह पक्षपाती रवैया है. सीआरपीएफ के ठीक सामने मुझे धक्का दिया गया और मारा गया. मेरे पास वैध आईडी कार्ड था, इसके बावजूद मुझे रोका गया.’ उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके साथ लात-घूंसे भी चले और इतना ही नहीं, पूरी घटना को छुपाने के लिए सीसीटीवी कैमरे भी बंद कर दिए गए. ममता ने इसे सिर्फ हार नहीं बल्कि लोकतंत्र की हत्या बताया.

 भवानीपुर में पिछड़ी ममता

गौरतलब है कि इस बार ममता बनर्जी ने अपनी परंपरा तोड़ते हुए सिर्फ एक ही सीट (भवानीपुर) से चुनाव लड़ा. यहां उनके सामने भाजपा के मजबूत उम्मीदवार और पूर्व सहयोगी सुवेंदु अधिकारी हैं. चुनाव आयोग के ताजा रुझानों के मुताबिक, 17 राउंड की गिनती में टीएमसी सुप्रीमो सुवेंदु अधिकारी से 10994 वोटों से पीछे चल रही हैं. हालांकि ममता बनर्जी ने कहा कि यह अंतर भी षड्यंत्र का ही नतीजा है. उन्होंने अपनी हार को स्वीकार करने से साफ इनकार करते हुए कहा कि वह जल्द ही बड़ी वापसी करेंगी.