menu-icon
India Daily

 'सारी रात जागना होगा', एग्जिट पोल के नतीजों के घबराईं ममता बनर्जी ने कार्यकर्ताओं को दिए ये निर्देश

ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल के एग्जिट पोल पर गड़बड़ी का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि ये आंकड़े भाजपा ने गढ़े हैं. उन्होंने कार्यकर्ताओं से 4 मई को काउंटिंग की रात भर निगरानी रखने और ईवीएम की रक्षा करने का आह्वान किया है.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
 'सारी रात जागना होगा', एग्जिट पोल के नतीजों के घबराईं ममता बनर्जी ने कार्यकर्ताओं को दिए ये निर्देश
Courtesy: @MamataOfficial

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य के विधानसभा चुनावों के एग्जिट पोल पर जमकर नाराजगी जताई है. उन्होंने आरोप लगाया कि ये सारे आंकड़े भाजपा के कार्यालय से तैयार किए गए हैं और इनमें कोई हकीकत नहीं है. ममता ने भरोसा जताया कि तृणमूल कांग्रेस 4 मई को आने वाले नतीजों के बाद फिर से सरकार बनाएगी. उन्होंने यह भी कहा कि उनकी पार्टी काउंटिंग के दौरान कोई “खेला” नहीं होने देगी. इसके साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से रातभर जागने और ईवीएम की रखवाली करने का आह्वान किया.

भाजपा ने गढ़े हैं एग्जिट पोल के आंकड़े

ममता बनर्जी ने एक वीडियो संदेश में सीधा आरोप लगाया कि जो एग्जिट पोल दिखाए जा रहे हैं, वे सब फर्जी हैं. उन्होंने कहा, “ये एग्जिट पोल भाजपा के दफ्तर से निकले हैं. ये नंबर बनावटी हैं और इनका मकसद तृणमूल के कार्यकर्ताओं को हतोत्साहित करना है.” उन्होंने यह भी बताया कि उनके विधानसभा क्षेत्र भवानीपुर में पूरी रात छापेमारी की गई. ममता ने कहा कि अगर असली आंकड़े जारी कर दिए जाते, तो शेयर बाजार तक गिर जाता. उन्होंने लोगों से एकजुट रहने और काउंटिंग पर पैनी नजर रखने की अपील की है.

खुद ईवीएम की रखवाली करूंगी

मुख्यमंत्री ने चुनाव आयोग में भी भरोसा कम दिखाते हुए कहा कि भाजपा ईवीएम बदलने की साजिश कर सकती है. उन्होंने कहा, “जब तक मैं खुद प्रेस कॉन्फ्रेंस करके नतीजे नहीं बता दूं, तब तक कोई काउंटिंग टेबल न छोड़े.” उन्होंने आशंका जताई कि कंप्यूटर के डेटा बदलकर तृणमूल के वोट भाजपा को और भाजपा के वोट तृणमूल को दे दिए जा सकते हैं. ममता ने कहा कि एक प्रत्याशी होने के नाते वह खुद काउंटिंग हॉल में जाएंगी और यदि जरूरत पड़ी तो ईवीएम के स्ट्रॉन्गरूम की रखवाली खुद करेंगी.

 

कार्यकर्ताओं से की ये अपील

ममता बनर्जी ने अपने कार्यकर्ताओं से भावुक अपील की. उन्होंने कहा, “आप लोगों ने इतना कष्ट सहा है. कृपया बंगाल को बचाने के लिए थोड़ा और सहन करें. पूरी रात जागते रहें और हर काउंटिंग टेबल पर नजर रखें.” उन्होंने दावा किया कि तृणमूल 294 में से 226 से अधिक सीटें जीतकर सत्ता में वापसी करेगा. गौरतलब है कि कई राज्यों के विपक्षी नेता भी हाल ही में ईवीएम की सुरक्षा को लेकर चिंता जता चुके हैं और स्ट्रॉन्गरूम की निगरानी की मांग कर चुके हैं.

एग्जिट पोल में बीजेपी की बढ़त

बता दें कि बुधवार को बंगाल चुनाव लो लेकर जारी हुए तमाम एग्जिट पोल में भाजपा राज्य में बढ़त बनाती नजर आ रही है. मैट्रिज के अनुसार, तृणमूल को 125 से 140 सीटें मिल सकती हैं और भाजपा 146 से 161 सीटों के साथ बढ़त बना रही है. पी-मार्क ने भी भाजपा को 150-175 और तृणमूल को 118-138 सीटें दी हैं. पोल्स पोल डायरी ने भाजपा की साफ जीत भविष्यवाणी की है. हालांकि, पीपल्स पल्स ने उलटा अनुमान लगाया है. इस एजेंसी का कहना है कि तृणमूल 177-187 सीटों के साथ दोबारा सरकार बना सकती है, जबकि भाजपा 95-110 सीटों पर सिमट जाएगी.