नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल में बीजेपी को मिली बड़ी जीत पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की प्रतिक्रिया सामने आई है. उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए कहा है कि बंगाल वासियों का घुसपैठियों और उनके हितैषियों के लिए साफ संदेश है. बंगाल की जनता ने साफ कर दिया है कि वह घुसपैठियों के साथ कैसा सलूक चाहती है. उन्होंने कहा- बंगाली भाई- बहनों ने तुष्टीकरण की राजनीति करने वाली पार्टियों को ऐसा सबक सिखाया है कि वे कभी नहीं भूल पाएंगी.
अमित शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल का जनादेश जनता की स्पष्ट इच्छा है कि घुसपैठियों पर सख्त एक्शन लिया जाए. बंगाल की जनता ने न केवल घुसपैठ का सिरे से नकारने का काम किया है कि बल्कि तुष्टिकरण की राजनीति को भी सिरे से खारिज कर दिया है. बंगाल ने भ्रष्टाचार और हिंसा की राजनीति को भी करारा जवाब देने का काम किया है. बंगाल ने विकास की राह चुनी है, इसके लिए बंगाल की जनता को कोटि- कोटि नमन. यह टीएमसी के भय के ऊपर नरेंद्र मोदी पर भरोसे की जीत है.
बंगालवासियों ने घुसपैठियों और उनके हितैषियों को ऐसा सबक सिखाया है, जिसे तुष्टीकरण की राजनीति करने वाली पार्टियाँ कभी भूल नहीं पाएँगी।
— Amit Shah (@AmitShah) May 4, 2026
बंगाल ने जिन आशाओं और आकांक्षाओं के साथ मोदी जी के नेतृत्व पर यह विश्वास जताया है, हम निश्चित रूप से उन्हें पूरा करेंगे।
चैतन्य महाप्रभु, स्वामी…
गृह मंत्री अपनी पोस्ट में लिखा है कि बंगाल की जनता ने जिस आशा और आकांक्षा के साथ मोदी जी के नेतृत्व में विश्वास जताया है उसे पूरा करने का समय आ गया है और हम निश्चित रूप से उन्हें पूरा करेंगे. उन्होंने चैतन्य महाप्रभु, स्वामी विवेकानंद, कविगुरु रविंद्रनाथ टैगोर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को याद करते हुए कहा कि ऐसे महापुरुषों की पावन भूमि का गौरव लौटाने और “सोनार बांग्ला” का सपना पूरा करने के लिए बीजेपी दिन रात एक कर देगी.