तमिलनाडु: विजय और उनकी पार्टी TVK अभी तक सरकार बनाने में असमर्थ हैं. गुरुवार को राज्यपाल विश्वनाथ आर्लेकर ने विजय को फिर से उलटे पैर लौटा दिया था. उन्होंने कहा था कि जब तक 118 विधायक नहीं हो जाते तब तक पार्टी नहीं बन सकती है. जहां TVK की किस्मत का फैसला अभी तक नहीं हो पाया है, वहीं जो पिछले 50 साल से नहीं हुआ वो गठबंधन होता नजर आ रहा है.
द्रविड़ राजनीति के दो धुर विरोधी दिग्गज यानी DMK और AIADMK के बीच गठबंधन की खबरें चरम पर हैं. हालांकि, दोनों में से किसी भी पार्टी ने अभी तक इस पर कोई बयान नहीं दिया है, लेकिन इस गठबंधन की अटकलें लगाई जा रही हैं. सूत्रों के अनुसार, इस गठबंधन का मकसद केवल एक ही है- अभिनेता-राजनेता को सत्ता से बाहर रखना.
इन सभी समीकरण को देखकर यह कहना गलत नहीं होगा कि विजय के सत्ता में आने का डर DMK को सता रहा है. उदयनिधि स्टालिन गुट AIADMK के दिग्गज मुख्यमंत्री एम.जी. रामचंद्रन (MGR) के दौर को लेकर चिंतित हैं. उन्हें लग रहा है कि अगर विजय सत्ता में आ जाते हैं, तो MGR की ही तरह DMK को कभी सत्ता में नहीं आने देंगे.
अब अगर बात की जाए AIADMK की, यह पार्टी अपने अस्तित्व को बचाने में लगी है. यह तो हर कोई जानता है कि जे. जयललिता के निधन के बाद से लगातार चार चुनावों में इस पार्टी को हार का सामना करना पड़ा. ऐसे में इस चुनाव में तिगड़म लगाना AIADMK के लिए और भी जरूरी हो जाता है.
इस पूरे खेल के पीछे से 1 सीट के साथ बीजेपी गेम चेंजर साबित हो सकती है. हालांकि, यह केवल एक अंदाजा ही है. थोड़ा गणित की तरफ चलते हैं. अगर TVK (108 )को INC (5) का सपोर्ट मिल जाता है तो 113 सीटें हो जाती हैं. इसके बाद भी सरकार बनाने के लिए TVK को 5 और सीटों की जरूरत होगी.
वहीं, DMK+ (73) और AIADMK+ (53) हैं. अब इसमें तीन समीकरण लगाए जा सकते हैं. पहला तो ये कि DMK+ और AIADMK+ अगर मिलकर सरकार बना लें तो इनकी कुल सीट 126 हो जाती हैं. ऐसे में सरकार आसानी से बन जाएगी. दूसरा ये कि अगर DMK+ के 73 और AIADMK+ के 47 (BJP, PMK, AMMK को हटाकर) मिल जाएं तो भी ये आंकड़ा बहुमत के पार हो जाता है, जो कि 120 है. इसके अलावा एक और समीकरण है, जिसके आधार पर भी इन दोनों को ही बहुमत मिल रहा है, जो है DMK+ की 68 सीट (कांग्रेस को हटाकर) और AIADMK+ 51 (BJP और AMMK को हटाकर) है. इसके आधार पर भी इन दोनों पार्टियों का आंकड़ा 119 पहुंच जाता है.
अब देखना ये होगा कि तमिलनाडु में किस पार्टी का समीकरण जीतता है. क्या TVK को सरकार बनाने के लिए पर्याप्त विधायकों का सपोर्ट मिलेगा या फिर DMK+ और AIADMK+ का साथ आना एक नया युग लेकर आएगा.