menu-icon
India Daily

रेस्टोरेंट में खाना खाने आई महिला का स्टाफ ने क्यूआर-मेन्यू से चुरा लिया नंबर, फिर देर रात किया...

पुणे की रहने वाली रिशिका दत्ता एफसी रोड स्थित एक लोकप्रिय रेस्टोरेंट में खाना खाने गई थीं. वहां परंपरागत मेन्यू की जगह QR कोड दिया गया था. रिशिका ने अपना फोन निकालकर QR कोड स्कैन किया और मेन्यू देखा. उसी रात उन्हें एक अनजान नंबर से मैसेज आने शुरू हो गए.

antima
Edited By: Antima Pal
रेस्टोरेंट में खाना खाने आई महिला का स्टाफ ने क्यूआर-मेन्यू से चुरा लिया नंबर, फिर देर रात किया...
Courtesy: x

पुणे में एक महिला ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि रेस्टोरेंट स्टाफ ने QR कोड मेन्यू से उसका मोबाइल नंबर चुरा लिया और देर रात अनचाहे मैसेज भेजे. इस घटना ने सोशल मीडिया पर जोरदार बहस छेड़ दी है. लोग अब सवाल कर रहे हैं कि रेस्टोरेंट में ग्राहकों की निजी जानकारी कितनी सुरक्षित है. घटना 28 अप्रैल की है. 

महिला का स्टाफ ने क्यूआर-मेन्यू से चुरा लिया नंबर

पुणे की रहने वाली रिशिका दत्ता एफसी रोड स्थित एक लोकप्रिय रेस्टोरेंट में खाना खाने गई थीं. वहां परंपरागत मेन्यू की जगह QR कोड दिया गया था. रिशिका ने अपना फोन निकालकर QR कोड स्कैन किया और मेन्यू देखा. उसी रात उन्हें एक अनजान नंबर से मैसेज आने शुरू हो गए. रिशिका ने बताया कि मैसेज पढ़कर उन्हें हैरानी हुई. भेजने वाला व्यक्ति उसी रेस्टोरेंट का स्टाफ सदस्य था. 

उन्होंने स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा कि वह व्यक्ति निजी सवाल पूछ रहा था और दोस्ती करने की कोशिश कर रहा था. रिशिका का आरोप है कि उनके फोन नंबर को QR मेन्यू सिस्टम के जरिए चुराया गया. रिशिका ने इस पूरी घटना को इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया. पोस्ट तेजी से वायरल हो गया. हजारों लोग इस पोस्ट पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं. कई महिलाओं ने अपनी समान घटनाएं शेयर कीं. कुछ ने कहा कि QR मेन्यू सुविधाजनक तो है लेकिन ग्राहक की जानकारी की सुरक्षा पर ध्यान नहीं दिया जाता.

QR मेन्यू का खतरा?

आजकल ज्यादातर रेस्टोरेंट पेपर मेन्यू की जगह QR कोड का इस्तेमाल करते हैं. ग्राहक अपना फोन स्कैन करके मेन्यू देखता है और कभी-कभी ऑर्डर भी प्लेस करता है. लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि कई रेस्टोरेंट इन सिस्टम में पर्याप्त सुरक्षा नहीं रखते. किसी भी कर्मचारी को आसानी से ग्राहकों के नंबर, नाम या अन्य डिटेल्स मिल सकती हैं. इस मामले में पुणे पुलिस ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है.

रिशिका ने कहा है कि वे जरूरत पड़ने पर कानूनी कार्रवाई भी कर सकती हैं. लोगों का कहना है कि रेस्टोरेंट मालिकों को डेटा प्रोटेक्शन के नियमों का सख्ती से पालन करना चाहिए. ग्राहक का फोन नंबर बिना उसकी अनुमति के इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए. कई यूजर्स ने सुझाव दिया कि सरकार को इस दिशा में नए नियम बनाने चाहिए.