नई दिल्ली: दुनिया में लोग ताकत दिखाने के लिए कई तरह के रिकॉर्ड बनाते हैं, लेकिन मेक्सिको की एक महिला ने ऐसा कारनामा कर दिखाया जिसने हर किसी को हैरान कर दिया. सैन लुइस पोटोसी की रहने वाली डायना एलिजाबेथ बैट्रेस हर्मोसिलो ने केवल अपने बालों की मदद से 75 किलो से ज्यादा वजन उठाकर नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया. यह रिकॉर्ड उन्होंने एक मंच पर दर्शकों के सामने बनाया, जहां मौजूद लोग उनकी ताकत और संतुलन देखकर दंग रह गए.
डायना एलिजाबेथ पेशे से पावरलिफ्टर और सर्कस कलाकार हैं. उन्होंने 28 फरवरी 2026 को ले पाज थिएटर में यह खास प्रदर्शन किया. रिकॉर्ड बनाने के दौरान उन्होंने अपनी दो चोटियों में छह भारी प्लेटें बांधीं. इन प्लेटों का कुल वजन 75.35 किलोग्राम था. इसके बाद उन्होंने पूरे संतुलन और ताकत के साथ इस वजन को ऊपर उठाया और कुछ सेकंड तक संभाले रखा.
इस उपलब्धि के साथ डायना ने भारत की वेटलिफ्टर आशा रानी का पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया. आशा रानी ने साल 2014 में अपने बालों की मदद से 55.6 किलोग्राम वजन उठाकर रिकॉर्ड बनाया था. डायना ने उससे काफी ज्यादा वजन उठाकर नया इतिहास रच दिया. गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड ने भी उनके इस प्रदर्शन को आधिकारिक रूप से मान्यता दी है.
डायना ने बताया कि वह पिछले 26 वर्षों से अपने शरीर और बालों की ताकत बढ़ाने पर काम कर रही हैं. इस रिकॉर्ड प्रयास से पहले उन्होंने लगातार छह महीने तक विशेष प्रशिक्षण लिया. इस दौरान उन्होंने गर्दन, सिर और पीठ को मजबूत बनाने के लिए कठिन अभ्यास किए. उनका कहना है कि बिना लंबे अभ्यास के ऐसा करना बेहद खतरनाक हो सकता था.
तैयारी के दौरान डायना ने जिम की भारी डिस्क और स्टील चेन की मदद से एक खास उपकरण बनाया. इस उपकरण को वह अपनी चोटियों से जोड़कर अभ्यास करती थीं. शुरुआत में उन्होंने हल्का वजन उठाना शुरू किया और धीरे-धीरे वजन बढ़ाती गईं. रिकॉर्ड वाले दिन उन्होंने बालों को दो बराबर हिस्सों में बांटकर मजबूत तरीके से बांधा और फिर वजन को हवा में उठाया.
डायना केवल रिकॉर्ड बनाकर नहीं रुकीं. उसी रात उन्होंने एक और अनोखा प्रदर्शन किया. उन्होंने अपने पूरे शरीर को केवल बालों के सहारे हवा में लटकाकर दिखाया. यह नजारा देखकर दर्शक हैरान रह गए और थिएटर तालियों से गूंज उठा. सोशल मीडिया पर भी उनका यह कारनामा तेजी से वायरल हो रहा है और लोग उनकी ताकत और मेहनत की जमकर तारीफ कर रहे हैं.