menu-icon
India Daily

खतरनाक कारोबार, करोड़ों की कमाई; 60 हजार जहरीले सांप पालकर महिला कमा रही 1.35 करोड़

चीन की एक युवती ने शहर छोड़कर जहरीले सांपों का बड़ा कारोबार खड़ा किया. हजारों सांपों के बीच काम करते हुए वह सालाना लाखों की कमाई कर रही है और सोशल मीडिया पर चर्चा में है.

KanhaiyaaZee
खतरनाक कारोबार, करोड़ों की कमाई; 60 हजार जहरीले सांप पालकर महिला कमा रही 1.35 करोड़
Courtesy: Gemini AI

नई दिल्ली: चीन में एक युवती की कहानी इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. उसने शहर की आरामदायक जिंदगी छोड़कर अपने गांव लौटने का फैसला किया और अब हजारों जहरीले सांपों के बीच काम कर रही है. यह काम जितना खतरनाक है, उतना ही चौंकाने वाला भी. लेकिन इस जोखिम भरे पेशे को अपनाकर उसने न सिर्फ अपने परिवार के कारोबार को आगे बढ़ाया है, बल्कि खुद को एक सफल उद्यमी के रूप में भी स्थापित किया है.

गुआंग्शी प्रांत के गुइलिन की रहने वाली चिन ने पढ़ाई पूरी करने के बाद अपने पिता के व्यवसाय में हाथ बंटाना शुरू किया. शुरुआत में यह सिर्फ मदद भर थी, लेकिन धीरे-धीरे उसने पूरे काम की जिम्मेदारी संभाल ली. आज वह एक बड़े स्तर के सांप पालन केंद्र का संचालन कर रही है.

खतरनाक लेकिन सफल कारोबार

चिन के फार्म में 60 हजार से ज्यादा सांप हैं, जिनमें बड़ी संख्या जहरीली प्रजातियों की है. इनमें फाइव-स्टेप सांप और कोबरा शामिल हैं. इतने खतरनाक जीवों के बीच काम करना आसान नहीं, लेकिन चिन ने खुद को इसके अनुरूप ढाल लिया है और बिना डर के अपना काम करती हैं.

पिता की चिंता और भरोसा

शुरुआत में चिन के पिता इस बात को लेकर चिंतित थे कि उनकी बेटी इस जोखिम भरे काम में क्यों उतरना चाहती है. लेकिन जैसे-जैसे काम बढ़ा, उन्हें मदद की जरूरत पड़ी. चिन ने जिम्मेदारी संभाली और अपने पिता का भरोसा जीत लिया. अब वह इस कारोबार की अहम कड़ी बन चुकी हैं.

कमाई और बाजार की मांग

इस फार्म से कई तरह के उत्पाद तैयार होते हैं, जिनका इस्तेमाल पारंपरिक दवाओं और रिसर्च में होता है. सांप का जहर, मांस और अन्य हिस्से बाजार में अच्छी कीमत पर बिकते हैं. चिन के मुताबिक इस व्यवसाय से सालाना एक मिलियन युआन से ज्यादा की कमाई हो रही है.

सोशल मीडिया पर पहचान

चिन सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय हैं. वह अपने काम से जुड़े अनुभव साझा करती हैं और लोगों के सवालों का जवाब देती हैं. उनके वीडियो में सांपों के साथ काम करने के जोखिम भी दिखते हैं. यही वजह है कि लोग उनके साहस की तारीफ कर रहे हैं और उनका काम चर्चा का विषय बना हुआ है.