menu-icon
India Daily

कालिम्पोंग में लैंडस्लाइड से बाल-बाल बचे बाइकर, जोजिला पास पर भी पहाड़ी धंसी

पश्चिम बंगाल के कालिम्पोंग जिले के बिंदू इलाके में अचानक बड़ा लैंडस्लाइड हो गया. पहाड़ी से पत्थर, कीचड़ और मलबा सड़क पर गिर पड़ा. एक बाइकर बाल-बाल बच गया.

Shilpa Shrivastava
कालिम्पोंग में लैंडस्लाइड से बाल-बाल बचे बाइकर, जोजिला पास पर भी पहाड़ी धंसी
Courtesy: X (@WeatherMonitors)

नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल के कालिम्पोंग जिले के बिंदू इलाके में अचानक बड़ा लैंडस्लाइड हो गया. पहाड़ी से पत्थर, कीचड़ और मलबा सड़क पर गिर पड़ा. एक बाइकर बाल-बाल बच गया. उसके पास प्रतिक्रिया देने के लिए सिर्फ कुछ सेकंड थे. यह खतरनाक पल कैमरे में कैद हो गया. वीडियो में साफ दिख रहा है कि पहाड़ी बिना किसी चेतावनी के धंस गई और बाइकर तेजी से रास्ता बदलकर निकल गया. 

इस हादसे में मलबा सड़क पर फैल गया और रास्ता पूरी तरह बंद हो गया. इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई. बिंदू इलाके की यह मुख्य सड़क लैंडस्लाइड की वजह से ब्लॉक हो गई. अचानक गिरे पत्थर और मिट्टी ने रास्ता खतरनाक बना दिया. यात्रियों में घबराहट फैल गई क्योंकि मलबा बिना किसी पूर्व संकेत के सड़क पर आ गिरा.

जोजिला पास पर भी लैंडस्लाइड:

इसी बीच जम्मू-कश्मीर में एक और बड़ा हादसा हुआ. सोनमर्ग के रंगा मोड इलाके में बादल फटने से जोजिला पास के पास लैंडस्लाइड और मडस्लाइड हो गई. स्थानीय नदी का जलस्तर भी अचानक बढ़ गया. श्रीनगर-लेह हाईवे के रंगा मोड़ हिस्से पर हजारों टन मलबा पहाड़ से नीचे गिर गया. हाईवे का एक हिस्सा पूरी तरह जाम हो गया और दोनों तरफ का ट्रैफिक रुक गया.

कोई हताहत नहीं, बचाव टीम तैनात:

इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. बचाव कर्मी मौके पर पहुंच गए हैं. स्थानीय लोगों को नदी किनारे और पानी की धाराओं से दूर रहने की सलाह दी गई है. सावधानी के तौर पर श्रीनगर-लेह नेशनल हाईवे पर आवाजाही रोक दी गई है.