सालों के संघर्ष का मिला इनाम... बेटे ने पहली बार पिता को वंदे भारत से कराया सफर, इमोशनल वीडियो ने जीता करोड़ों दिल

5 रुपये बचाने के लिए पैदल दफ्तर जाने वाले पिता को बेटे ने पहली बार वंदे भारत एक्सप्रेस की यात्रा कराकर भावुक कर दिया. पिता और बेटे का ये वीडियो अब सोशल मीडिया पर बहुत तेजी से वायरल हो रहा है. लोग इसे जमकर प्यार दे रहे हैं. वीडियो देखने वाले लोग बेटे के संस्कार की सराहना कर रहे हैं.

Instagram (bhukkhad_musafir)
Meenu Singh

माता-पिता अपने बच्चों के लिए पूरी जिंदगी मेहनत करते हैं और कई बार अपनी छोटी-छोटी इच्छाओं का भी त्याग कर देते हैं. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक वीडियो इसी रिश्ते की खूबसूरती को दिखाता है. इसमें एक बेटे ने अपने पिता को वंदे भारत एक्सप्रेस की पहली यात्रा का ऐसा तोहफा दिया, जिसने लाखों लोगों का दिल जीत लिया. पिता की मुस्कान और बेटे के इमोशन इस वीडियो को बेहद खास बना रही हैं.

मुश्किल भरे दिनों को बेटे ने किया याद

वीडियो में कंटेंट क्रिएटर श्रीकांत ने बताया कि उनके पिता नौकरी के समय केवल 5 रुपये का रिक्शा किराया बचाने के लिए रोज पैदल दफ्तर जाया करते थे. परिवार की जरूरतों को पूरा करने के लिए उन्होंने हमेशा अपनी इच्छाओं को पीछे रखा. उन्होंने हमेशा से अपने परिवार और बच्चों की जरूरतों को प्राथमिकता दी और खुद की सारी इच्छाएं मारी थी. इन संघर्ष के दिनों को याद करते हुए बेटे ने लिखा कि अब वह उस संघर्ष का सम्मान करना चाहता है और पिता को वह आराम देना चाहता है, जिसके वे हमेशा हकदार रहे.

वंदे भारत का सफर बना यादगार पल

पिता के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस में बैठना किसी सपने के सच होने जैसा था. ट्रेन के स्वचालित दरवाजे, आरामदायक घूमने वाली सीटें और आधुनिक सुविधाओं ने उन्हें बेहद खुश कर दिया. बेटे के लिए यह केवल यात्रा नहीं थी, बल्कि पिता के सालों के त्याग और मेहनत के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक इमोशनल तरीका था.


लाखों लोगों ने जताया प्यार

यह वीडियो इंस्टाग्राम पर @bhukkhad_musafir नाम के हैंडल से साझा किया गया. पोस्ट सामने आते ही लोगों ने इसे हाथोंहाथ लिया. खबर लिखे जाने तक वीडियो को 7.7 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका था, जबकि 32 हजार से ज्यादा लोगों ने इसे पसंद किया. बड़ी संख्या में लोग इसे आगे भी साझा कर रहे हैं.

यूजर्स बोले, यही है असली सफलता

कमेंट सेक्शन में लोगों ने बेटे की सोच और उसके संस्कार की दिल खोलकर तारीफ की. कई यूजर्स ने लिखा कि असली कामयाबी वही होती है, जब इंसान अपने माता-पिता को वह खुशी दे सके, जिसे उन्होंने जिम्मेदारियों के कारण कभी अपने लिए नहीं चुना. यह वीडियो हर उस व्यक्ति को भावुक कर रहा है, जिसने अपने माता-पिता का संघर्ष करीब से देखा है.