अमेरिका के सैक्रामेंटो में रहने वाले मर्लिन नाम के एक पॉटबेलीड सुअर ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है. इसका वजन करीब 82 किलो है, लेकिन इसकी असली खासियत वजन नहीं, बल्कि उसकी 'बात करने' की क्षमता है. मर्लिन घर में लगे करीब 25 रंग-बिरंगे बटनों को अपनी नाक से दबाकर इंसानों की तरह अपनी बात रखता है. ये बटन अलग-अलग शब्द और भावनाओं को व्यक्त करते हैं. जैसे – 'गुड मॉर्निंग', 'खाना दो', 'हां', 'नहीं', 'मैं गुस्सा हूं', 'आई लव यू' आदि.
जब मर्लिन कोई बटन दबाता है तो उसमें से आवाज निकलती है और वो अपनी मालकिन से साफ-साफ कम्युनिकेट कर लेता है. कभी वो भूख लगने पर खाने का बटन दबाता है, तो कभी गुस्सा आने पर 'आई एम मैड' वाला बटन. मर्लिन की मालकिन मीना अलाली ने पिछले चार सालों में उसे धैर्यपूर्वक ट्रेनिंग दी. मीना बताती हैं कि शुरू में मर्लिन को सिर्फ कुछ बटन समझ आए, लेकिन धीरे-धीरे वो समझ गया कि कौन सा बटन किस काम के लिए है. अब वो अपनी जरूरत, मूड और भावनाओं के हिसाब से सही बटन चुन लेता है. कभी-कभी वो दो-तीन बटन एक साथ दबाकर छोटी-छोटी 'वाक्य' भी बना लेता है.'
मर्लिन के वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किए जाते हैं. इस अकाउंट को 1.1 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स मिल चुके हैं. मर्लिन को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड भी मिल चुका है – इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा फॉलोअर्स वाला सुअर. उसके वीडियो देखकर लोग हैरान रह जाते हैं. एक वीडियो में मर्लिन ट्रिट मांगता है, जब नहीं मिलती तो गुस्से वाला बटन दबाकर विरोध जताता है. दूसरे वीडियो में वो 'मॉमी' या 'डैडी' बटन दबाकर परिवार को बुलाता है.
पिग्स दुनिया के सबसे होशियार जानवरों में से एक माने जाते हैं. मर्लिन का केस इस बात को और मजबूत करता है कि सही ट्रेनिंग और प्यार से जानवर भी इंसानों के साथ बेहतर तरीके से कम्युनिकेट कर सकते हैं. मीना कहती हैं कि मर्लिन सिर्फ पालतू नहीं, बल्कि परिवार का एक सदस्य बन चुका है. सोशल मीडिया यूजर्स इन वीडियोज को देखकर कमेंट्स में लिख रहे हैं – 'ये तो सच में बोल रहा है!', 'कितना इंटेलिजेंट है!', 'मेरा कुत्ता भी ऐसा सीख जाए तो मजा आ जाए.'
कई लोग मर्लिन को 'सुपर पिग' कहकर पुकार रहे हैं. ये अनोखा मामला दिखाता है कि जानवरों की समझ और सीखने की क्षमता कितनी बड़ी हो सकती है. उसके वीडियो देखकर आप भी हैरान रह जाएंगे कि एक 82 किलो का सुअर इतनी आसानी से अपनी बात कैसे रख लेता है.