menu-icon
India Daily

मौत के बाद अंतिम विदाई में हेलिकॉप्टर से हुई डॉलर और फूलों की झमाझम बारिश, वीडियो में देखें अनोखा नजारा

अमेरिका के डेट्रॉइट शहर में एक अनोखा और भावुक विदाई समारोह देखने को मिला, जब एक उदार व्यवसायी डैरेल थॉमस की अंतिम इच्छा को पूरा करते हुए उनके अंतिम संस्कार में हेलिकॉप्टर से गुलाब की पंखुड़ियों और 5,000 डॉलर की नकदी बरसाई गई. यह आयोजन उनके बेटों द्वारा किया गया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है और लोगों के दिलों को छू रहा है.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
मौत के बाद अंतिम विदाई में हेलिकॉप्टर से हुई डॉलर और फूलों की झमाझम बारिश, वीडियो में देखें अनोखा नजारा
Courtesy: web

58 वर्षीय डैरेल थॉमस, डेट्रॉइट के ईस्टसाइड में एक प्रिय और सामाजिक व्यक्ति के रूप में जाने जाते थे. उनका मानना था कि ज़िंदगी में जितना हो सके, दूसरों को देना चाहिए. इसी भावना को उन्होंने अपनी मौत के बाद भी निभाया. 27 जून को उनके अंतिम संस्कार के दौरान, उनकी आखिरी इच्छा के अनुसार, गुलाब की पंखुड़ियों और हजारों डॉलर की नकदी को हेलिकॉप्टर से उनके द्वारा संचालित कार वॉश सेंटर के ऊपर उड़ाकर गिराया गया. इस अनोखी श्रद्धांजलि ने पूरे शहर और इंटरनेट पर भावनात्मक लहर पैदा कर दी.

दरअसल थॉमस की आखिरी इच्छा थी कि उनकी विदाई भी उतनी ही खास हो जितना उनका जीवन रहा. इसलिए उनके बेटों, डैरेल और जॉन्टे ने मिलकर एक हेलिकॉप्टर का इंतजाम किया, जो 27 जून को दोपहर 1:27 बजे, शो-रूम शाइन एक्सप्रेस (उनका कार वॉश बिजनेस) के ऊपर से उड़ा. हेलिकॉप्टर से 5,000 डॉलर नकद और गुलाब की पंखुड़ियों को ग्रेशियट एवेन्यू और कॉनर स्ट्रीट के पास हवा में बिखेरा गया. यह दृश्य देखने वाले लोगों के लिए बेहद भावुक और आश्चर्यजनक था.

परिजनों ने क्या कहा?

डैरेल की भतीजी क्रिस्टल पेरी ने मीडिया से कहा, "यह उनके प्यार की आखिरी निशानी थी, क्योंकि वो सच में 'देने वाले' इंसान थे." उन्होंने आगे कहा कि यह विदाई ईस्टसाइड के एक ऐसे शख्स को दी गई, जो लोगों के दिलों में बसता था. "वो हर किसी की मदद करते थे, और आजकल वैसे दिल बहुत कम मिलते हैं." उनके परिवार का मानना है कि उन्होंने हमेशा लोगों के लिए सोचा, और यह विदाई भी उसी सोच का हिस्सा थी.

वायरल वीडियो और FAA की जांच

गुलाब और नोट बरसाने का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. लोग इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कह रहे हैं कि डैरेल थॉमस जैसे लोग बहुत कम होते हैं, जो मरने के बाद भी समाज को कुछ देकर जाते हैं. हालांकि, यह मामला अब फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) की जांच के घेरे में आ गया है, क्योंकि पैसे गिराने की जानकारी अधिकारियों को पहले नहीं दी गई थी. हालांकि डेट्रॉइट पुलिस ने साफ किया है कि वह इस मामले में कोई अलग जांच नहीं कर रही है.

इस अनोखे विदाई समारोह ने डैरेल थॉमस की उदारता को अमर बना दिया है. यह घटना इस बात का प्रतीक है कि जब इंसान दिल से देता है, तो उसकी यादें भी उतनी ही गहराई से लोगों के दिलों में बसती हैं.