Mumbai News: मुंबई के वसई इलाके में आभूषण बनाने वाली कंपनी में काम करने वाली तीन महिलाओं ने अपने नियोक्ता के खिलाफ आरोप लगाया है. महिलाओं ने दावा किया कि उनके नियोक्ता ने पानी की बोतलों में यूरीन मिलवाई है. इस घटना को लेकर महिलाओं ने शुक्रवार को मानिकपुर पुलिस थाने पहुंची और कंपनी के मालिक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई.
मामला पुलिस तक पहुंचने पर घटना की जांच की गई. जांच में पता चला कि इकाई को बंद किया जाना था और मालिक ने महिलाओं को वेतन नहीं दिया था. इसी बात से नाराज होकर महिलाओं ने यह षडयंत्र रचा. पुलिस ने बताया कि फिलहाल इस घटना का मामला दर्ज नहीं किया गया है. पुलिस ने कंपनी के मालिक को वेतन देने का आदेश दिया है. साथ ही महिलाओं को चेतावनी दी है.
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, वसई पूर्व में नकली आभूषण बनाने वाली एक कंपनी है. यहां काम करने वाली तीन महिलाएं शिकायत लेकर आई थीं. अपनी शिकायत में उन्होंने कहा कि कंपनी के कर्मियों ने हमारी बोतल के साथ छेड़छाड़ की है. यह शिकायत जब कंपनी के मालिक से की गई तो उसने नजरअंदाज कर दिया. पुलिस को जानकारी होते ही घटना की जांच शुरू की. पुलिस ने नाइट शिफ्ट में काम करने वाले सभी लोगों की जांच शुरू की.
महिलाओं ने आरोप लगाया कि यह सारी घिनौनी हरकतें रात में सोने आए कर्मचारियों ने की हैं. यह शिकायत कंपनी के मालिक से किए जाने पर उन्हें महिलाओं पर शक हुआ. इसके बाद महिलाएं सीधे पुलिस थाने पहुंच गई. पुलिस ने जब पूछताछ की तब पता चला कि यह सब उन्होंने ही रचा था. रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी मालिक ने उन्हें वेतन नहीं दिया था. इस कारण रुकी हुई सैलरी पाने और कंपनी मालिक को सबक सिखाने के लिए उन्होंने यह फर्जीवाड़ा किया.