ब्रिटेन के रहने वाले जेम्स वॉल्श ने अपनी गर्लफ्रेंड पेज कुक को शादी के लिए प्रपोज करने का ऐसा अनोखा तरीका चुना, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया. जेम्स ने पेज को फूलों या किसी रोमांटिक जगह पर नहीं, बल्कि शार्क से भरे एक्वेरियम के पानी के अंदर शादी के लिए प्रपोज किया. इस अनोखे प्रपोजल का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं.
पेज कुक को शार्क मछलियां काफी पसंद हैं. इसी वजह से जेम्स अपनी प्रेमिका के लिए ऐसा सरप्राइज तैयार करना चाहते थे, जिसे वह जिंदगीभर याद रख सकें. इसके लिए उन्होंने स्केगनेस एक्वेरियम के स्टाफ से संपर्क किया और प्रपोजल का पूरा प्लान तैयार किया. 10 सितंबर को दोनों स्कूबा डाइविंग के लिए एक्वेरियम के विशाल टैंक में उतरे.
A proposal underwater involving sharks? Romance has officially become competitive. 😭#Viral pic.twitter.com/pOKYfOYwy0
— Rosalia Tomas (@RosaliaTom3cfa) September 25, 2026
दोनों जैसे ही पानी के अंदर पहुंचे, उनके आसपास कई शार्क तैर रही थीं. इसी दौरान एक्वेरियम स्टाफ की मदद से जेम्स ने एक बोर्ड निकाला. इस बोर्ड पर लिखा था, 'Will you marry me?' बोर्ड देखकर पेज कुछ पल के लिए हैरान रह गईं.
इसके बाद पेज ने पानी के अंदर हाथ से 'OK' का सिग्नल देकर जेम्स के प्रपोजल को स्वीकार कर लिया. प्रपोजल स्वीकार होने के बाद दोनों ने पानी के अंदर ही एक-दूसरे को गले लगाया. इस पूरे पल को कैमरे में भी कैद किया गया.
पेज ने इस खास पल को अपनी जिंदगी का सबसे बेहतरीन दिन बताया. उन्होंने कहा कि उन्हें हमेशा से शार्क के साथ तैरना पसंद था, लेकिन जेम्स के प्रपोजल के दौरान वह कुछ देर के लिए यह भी भूल गईं कि उनके आसपास शार्क तैर रही हैं.
सोशल मीडिया पर इस अनोखे प्रपोजल की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद लोग कपल के इस एडवेंचरस अंदाज पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं. जेम्स और पेज का यह प्रपोजल अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है.