चीन में शख्स के शव के साथ दफनाई गई मर्सिडीज कार, वजह जानकर आप भी हो जाएंगे हैरान
चीन के लियाओनिंग में एक परिवार ने मृतक के साथ महंगी कार दफनाई, उनका मानना है कि किसी व्यक्ति की मौत के बाद उसकी पसंदीदा चीजों को उसके साथ ही दफना देना चाहिए, जिससे विवाद बढ़ा और प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की.
नई दिल्ली: इंसान इस दुनिया से खाली हाथ जाता है. दौलत, शोहरत, घर और जमीन-जायदाद सब कुछ यहीं रह जाता है. इस सोच पर बहुत कुछ लिखा गया है. फिर भी कुछ लोग ऐसे भी हैं जिनकी सोच अलग है. उनका मानना है कि किसी व्यक्ति की मौत के बाद उसकी पसंदीदा चीजों को उसके साथ ही दफना देना चाहिए, ताकि परलोक में उसे आराम और सुविधा मिल सके.
चीन में ऐसी ही एक अंतिम यात्रा ने हाल ही में लोगों का ध्यान खींचा है. इस खास तरह से दफनाने की घटना ने सोशल मीडिया पर एक जोरदार बहस छेड़ दी है. रिपोर्ट के मुताबिक यह घटना चीन के लियाओनिंग प्रांत में हुई, जहां एक परिवार ने अपने मृत रिश्तेदार की अंतिम रस्मों के दौरान कब्र के अंदर ही एक लग्जरी कार दफना दी. यह घटना सामने आया और देखते ही देखते वायरल हो गया, और लोगों के बीच चर्चा का एक बड़ा विषय बन गया.
कैसे किया गया दफन?
रिपोर्ट्स के मुताबिक परिवार ने कब्र में एक महंगी मर्सिडीज-बेंज S450L सेडान रखने का फैसला किया. वीडियो में एक खुदाई करने वाली मशीन कार को कब्र के गड्ढे में नीचे उतारती हुई दिख रही है, जिसके बाद उसे मिट्टी से ढक दिया जाता है.
बताया जा रहा है कि इस कार की कीमत लगभग लगभग 1.49 करोड़ भारतीय रुपये थी. इसके अलावा कार की नंबर प्लेट पर '8888' नंबर लिखा था. जिसे चीनी संस्कृति में बहुत शुभ माना जाता है. जिसके वजह से इस पूरी घटना को सांस्कृतिक और प्रतीकात्मक नजरिए से भी देखा जा रहा है.
यह कदम क्यों उठाया गया?
परिवार ने बताया कि यह कदम पारंपरिक मान्यताओं के अनुसार उठाया गया था, जिसके तहत कुछ चीजों को मृतक के साथ दफनाया जाता है ताकि वे परलोक में उनके काम आ सकें. हालांकि इस खास मामले में जिस बड़े पैमाने पर यह काम किया गया, उसे देखकर लोग हैरान रह गए.
सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इस काम की आलोचना करते हुए इसे संसाधनों की भारी बर्बादी और पर्यावरण के लिए नुकसानदायक बताया. आलोचकों ने तर्क दिया कि इतनी महंगी कार को दफनाना संसाधनों की सरासर बर्बादी है. इसके विपरीत कुछ लोगों ने परिवार का बचाव करते हुए इस काम को निजी आस्था की अभिव्यक्ति और श्रद्धांजलि देने का एक अनोखा तरीका बताया.
चीन के अधिकारियों ने क्या की कार्रवाई?
बढ़ते विवाद को देखते हुए, स्थानीय अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया. अधिकारियों ने इस काम की निंदा करते हुए इसे सामंती अंधविश्वास बताया और ऐसी प्रथाओं के खिलाफ कड़ी चेतावनी जारी की. नागरिक मामलों के विभाग ने पुष्टि की कि परिवार को फटकार लगाई गई है और इस मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
इसके बाद परिवार ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी. अब उन्हें आर्थिक दंड का भी सामना करना पड़ सकता है. इसके अलावा कब्र से कार को बाहर निकालने, उस जगह की सफाई करने और पर्यावरण को फिर से ठीक करने की जिम्मेदारी भी उन्हीं पर डाली जा सकती है.
और पढ़ें
- पति से झगड़े के बाद महिला ने बालकनी से उड़ाए 1.5 करोड़ रुपए, लूटने वालों की लगी भीड़, देखें वीडियो
- 'कोल्ड ड्रिंक से कैंसर सेल्स हो सकता है खत्म...', ट्रंप के बयान ने मचाई हलचल, विदेशी vs देसी ड्रिंक में फर्क जानकर रह जाएंगे हैरान
- मच्छरदानी ओढ़कर ड्यूटी कर रहा सिक्योरिटी गार्ड, वीडियो देखकर पिघल गए लोग