रिहायशी इलाके में घूमता नजर आया तेंदुआ, इलाके में मचा हड़कंप; 3 घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
महाराष्ट्र के अमरावती शहर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में नौ से दस महीने का तेंदुआ घनी आबादी वाले रामपुर कैंप इलाके में घुसता दिख, जिसके बाद लगभग 3 घंटे तक बचाव अभियान चला है.
मंगलवार को महाराष्ट्र के अमरावती शहर में तब दहशत फैली जब एक तेंदुआ घनी आबादी वाले रामपुर कैंप इलाके में घुस गया. इसके बाद वन अधिकारियों, पुलिस और नगर निगम के अधिकारियों ने मिलकर एक बड़ा बचाव अभियान की शुरुआत की. जानकारी के मुताबिक बता दें कि यह तेंदुआ करीब नौ से दस महीने का है. उसे इस भीड़भाड़ वाले इलाके की एक रिहायशी इमारत के अंदर घूमते हुए देखा गया, जिससे वहां रहने वालों में डर फैल गया और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई.
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में तेंदुआ एक इमारत के अंदर घूमता हुआ दिखाई दे रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि बचाव अधिकारी उस इलाके को घेरे हुए हैं. इस बीच तेंदुआ अचानक एक खिड़की से बाहर कूदता हुआ दिखाई दिया. इससे बचावकर्मी और वहां मौजूद लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगे जिसके बाद बचाव अभियान फिर से शुरू किया गया. अमरावती बचाव टीम, पुलिसकर्मियों और अमरावती नगर निगम के अधिकारियों की एक संयुक्त बचाव टीम ने मिलकर तेंदुए को खोजने और पकड़ने का अभियान शुरू किया जो लगभग तीन घंटे तक चला.
तीन घंटे तक चला बचाव अभियान
इस घटना के बारे में बात करते हुए बचाव टीम के सदस्य अमोल गावनेर ने बताया कि अधिकारियों को सबसे पहले यह जानकारी मिली थी कि एक तेंदुआ इस इलाके में घुस आया है. इसके बाद उन्होंने तुरंत कई एजेंसियों के साथ तालमेल बिठाया और फिर बचाव अभियान शुरू किया. इस घटना के बारे में जानकारी साझा करते हुए बचाव टीम के सदस्य गावनेर ने कहा, 'यह बहुत ही भीड़भाड़ वाला इलाका है. खोजबीन के दौरान हमें लगा कि यह तेंदुआ काफी छोटा है और पूरी तरह से वयस्क नहीं है. करीब दो से तीन घंटे की कड़ी मेहनत के बाद, हम उसे सुरक्षित रूप से पकड़ने में कामयाब रहे.'