menu-icon
India Daily

स्ट्रेस दूर करने के चक्कर में महिला ने की 258 करोड़ की ऑनलाइन शापिंग, फिर सामान लेने से पहले कर दिया कैंसिल; पहुंची जेल

जापान में 32 साल की मायू योशिदा ने कथित तौर पर करीब दो साल में 2100 से ज्यादा ऑनलाइन ऑर्डर किए, जिनकी कुल कीमत लगभग 258 करोड़ रुपये बताई गई है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
स्ट्रेस दूर करने के चक्कर में महिला ने की 258 करोड़ की ऑनलाइन शापिंग, फिर सामान लेने से पहले कर दिया कैंसिल; पहुंची जेल
Courtesy: Chatgpt

नई दिल्ली: जापान से ऑनलाइन शॉपिंग का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां 32 साल की मायू योशिदा पर आरोप है कि उन्होंने करीब दो साल के दौरान 2100 से ज्यादा ऑनलाइन ऑर्डर किए, जिनकी कुल कीमत लगभग 258 करोड़ रुपये बताई गई है. हालांकि, इन ऑर्डर्स से सामान हासिल करना उनका मकसद नहीं था. वह ऑर्डर करने के बाद किसी न किसी तरीके से उन्हें कैंसिल कर देती थीं.

जापानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, योशिदा रेस्टोरेंट में काम करती हैं. उन्होंने जांच के दौरान कथित तौर पर बताया कि रोजमर्रा की जिंदगी में उन्हें काफी तनाव रहता था. ऐसे में ऑनलाइन स्टोर पर एनिमे कैरेक्टर्स से जुड़े सामान देखना और उन्हें ऑर्डर करना उन्हें मानसिक राहत देता था. उनके लिए सामान खरीदना नहीं, बल्कि ऑर्डर करना ही संतुष्टि का कारण बन गया था.

क्या है पूरा मामला?

रिपोर्ट्स के अनुसार योशिदा ने करीब दो साल में 2100 से अधिक पार्सल ऑर्डर किए. इनकी कुल कीमत करीब 258 करोड़ रुपये बताई गई है. हालांकि, उन्होंने इनमें से कोई भी सामान अपने पास नहीं रखा.

कभी वह डिलीवरी के लिए गलत पता देती थीं, तो कभी पेमेंट से जुड़े ऐसे विकल्प का इस्तेमाल करती थीं जिससे ऑर्डर समय पर पूरा नहीं हो पाता था. कुछ मामलों में कैश ऑन डिलीवरी के दौरान उन्होंने सामान लेने से इनकार कर दिया. इस तरह ऑर्डर करना और फिर उसे कैंसिल कर देना उनकी नियमित आदत बन गई.

जांच में क्या आया सामने?

जांच में यह भी सामने आया कि महिला ने ऑनलाइन खरीदारी के लिए करीब 238 अलग-अलग अकाउंट्स का इस्तेमाल किया था. रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने इस ऑनलाइन स्टोर से करीब छह साल पहले खरीदारी शुरू की थी.

शुरुआत में वह सामान ऑर्डर करके अपने पास रखती थीं. लेकिन अक्टूबर 2023 के आसपास उनके व्यवहार में बदलाव आया. इसके बाद ऑर्डर करने और फिर उसे कैंसिल करने का सिलसिला शुरू हो गया. धीरे धीरे यह संख्या हजारों ऑर्डर्स तक पहुंच गई.

कितने का हुआ नुकसान?

बार बार ऑर्डर और कैंसिलेशन का असर कंपनी पर भी पड़ा. रिपोर्ट्स के अनुसार शुएशा के Jump Characters Store को डिलीवरी और उससे जुड़े खर्चों में करीब 75 लाख येन यानी लगभग 45 लाख रुपये का नुकसान हुआ.

हर ऑर्डर को पैक करना, डिलीवरी के लिए भेजना और फिर ग्राहक तक नहीं पहुंचने पर वापस मंगाना कंपनी के लिए अतिरिक्त खर्च था. हजारों बार ऐसा होने से नुकसान बढ़ता गया.

कंपनी ने क्या की मांग?

कंपनी ने पुलिस से कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि लगातार किए गए ऐसे ऑर्डर्स का असर वास्तविक ग्राहकों पर भी पड़ा. एनिमे कैरेक्टर्स से जुड़े कई उत्पाद सीमित संख्या में उपलब्ध होते हैं.

ऐसे में किसी व्यक्ति द्वारा बार बार सामान बुक करके बाद में कैंसिल करने से दूसरे ग्राहकों को खरीदारी का मौका नहीं मिल सकता. कंपनी के मुताबिक इससे उसके कारोबार में बाधा आई और वास्तविक ग्राहकों को भी परेशानी हुई.

क्या लिया गया एक्शन?

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जांच के दौरान योशिदा ने अपने ऊपर लगे आरोपों को स्वीकार किया. पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की गई.