डांस करते-करते ह्यूमेनॉइड रोबोट हुआ बेकाबू, लड़की को अचानक लगाया गले, वीडियो ने मचा दी हलचल

चीन के शानक्सी में एक डांस इवेंट के दौरान ह्यूमेनॉइड रोबोट ने अचानक एक छात्रा को गले लगा लिया, जिसका वीडियो वायरल हो गया. चलिए जानते हैं विशेषज्ञों ने इसकी क्या वजह बताई.

@shinmindailynews instagram account
Km Jaya

नई दिल्ली: इंसानी जिंदगी में ह्यूमनॉइड रोबोट्स का दखल तेजी से बढ़ रहा है. वे अब सिर्फ मशीनें नहीं रह गए हैं. उन्होंने ऐसे काम करना शुरू कर दिया है जो कभी सिर्फ इंसानों के ही दायरे में आते थे. सच तो यह है कि ह्यूमनॉइड रोबोट्स अब डिलीवरी का काम संभाल रहे हैं, वेटर के तौर पर सेवा दे रहे हैं, कुंग फू के हुनर ​​दिखा रहे हैं और यहां तक कि डांस भी कर रहे हैं.

लेकिन बात यहीं खत्म नहीं होती. ऐसी घटनाएं भी सामने आ रही हैं जहां ह्यूमनॉइड रोबोट्स ऐसे काम करते हैं जो खबरों में चर्चा का बड़ा विषय बन जाते हैं. ऐसा व्यवहार जो कभी-कभी इंसानी व्यवहार से काफी मिलता-जुलता होता है.

क्या है पूरा मामला?

हाल ही में ऐसी ही एक घटना हुई. चीन के शानक्सी प्रांत में एक यूनिवर्सिटी के डांस इवेंट के दौरान एक चौंकाने वाला वाकया सामने आया. इवेंट में परफॉर्म कर रहे एक ह्यूमनॉइड रोबोट ने अचानक एक छात्रा के पास जाकर उसे जोर से गले लगा लिया. यह पूरी तरह से बिना किसी योजना के हुआ था, क्योंकि रोबोट को सिर्फ डांस परफॉर्मेंस के लिए ही प्रोग्राम किया गया था. 

स्टाफ के सदस्यों ने कैसे किया छात्रा का बचाव?

स्टाफ के सदस्यों ने तुरंत बीच-बचाव करके रोबोट को छात्रा से अलग किया. इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से वायरल हो गया.

जैसे ही यह वीडियो सामने आया, चीन के सोशल मीडिया पर इस पर ज़ोरदार बहस छिड़ गई. लोग यह सवाल उठाने लगे कि क्या रोबोट ने अपनी मर्ज़ी से ऐसा किया, या फिर यह घटना किसी तकनीकी गड़बड़ी या ऑपरेटर के कंट्रोल सिस्टम में आई किसी खराबी का नतीजा थी. 

सोशल मीडिया पर यूजर्स ने क्या कहा?

कुछ यूजर्स ने इसे खुद से काम करने वाले व्यवहार का संकेत माना, जबकि विशेषज्ञों ने इसे सॉफ्टवेयर में किसी गड़बड़ी या कंट्रोल सिस्टम में आई किसी खराबी का नतीजा बताया.

चीन के सरकारी मीडिया रिपोर्ट के अनुसार यूनिवर्सिटी के एक स्टाफ़ सदस्य ने बताया कि यह घटना रोबोट टीम और एक स्टूडेंट क्लब के बीच आयोजित एक संयुक्त सांस्कृतिक गतिविधि का हिस्सा थी. यह एक ऐसी पहल थी जिसका मकसद कुछ नया और हटके करने की कोशिश करना था. 

क्या पहले भी हुई ऐसी घटना?

यह पहली बार नहीं है जब किसी ह्यूमनॉइड रोबोट के बेकाबू व्यवहार की खबर सामने आई है. मार्च 2026 में मकाऊ में 70 साल की एक बुजुर्ग महिला के साथ भी ऐसी ही एक घटना हुई थी. एक ह्यूमनॉइड रोबोट अचानक उस महिला के पास पहुंच गया. जो सड़क पर खड़ी थी और उसने पीछे से आकर उसे पकड़ लिया, जिससे वह घबरा गई. 

रोबोट के हाथों की हरकतों से वह महिला और भी ज्यादा डर गई, जिसकी वजह से उसे अस्पताल ले जाना पड़ा, भले ही असल में रोबोट का उससे कोई शारीरिक संपर्क नहीं हुआ था. इसके बाद पुलिस ने रोबोट को हटा दिया और उसके ऑपरेटर की पहचान कर ली.