menu-icon
India Daily

'मैं साल 2118 देख चुका हूं...', बुजुर्ग समय यात्री के दावे ने दुनिया को चौंका; प्रूफ के तौर पर दिखाई फोटो

अलेक्जेंडर स्मिथ नाम के व्यक्ति ने दावा किया है कि वह CIA के एक गुप्त मिशन के तहत साल 2118 की यात्रा कर चुके हैं. उन्होंने सबूत के तौर पर भविष्य के शहर की एक धुंधली तस्वीर भी दिखाई है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
'मैं साल 2118 देख चुका हूं...', बुजुर्ग समय यात्री के दावे ने दुनिया को चौंका; प्रूफ के तौर पर दिखाई फोटो
Courtesy: @FotosDeFatos x account

नई दिल्ली: एक व्यक्ति ने खुद को दुनिया के पहले 'समय यात्रियों' में से एक बताते हुए ऐसा दावा किया है, जिसने इंटरनेट पर सनसनी मचा दी है. अलेक्जेंडर स्मिथ नाम के इस बुजुर्ग का कहना है कि वह साल 2118 की यात्रा करके लौटे हैं. उन्होंने दावा किया कि यह यात्रा किसी फिल्मी कहानी का हिस्सा नहीं बल्कि अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA के एक गुप्त मिशन का हिस्सा थी. 

रिपोर्ट के अनुसार अलेक्जेंडर स्मिथ ने बताया कि साल 1981 में वह CIA के एक सीक्रेट प्रोजेक्ट में शामिल थे. उनका कहना है कि इस मिशन के तहत कुछ चुनिंदा लोगों को भविष्य में भेजने का प्रयोग किया गया था और वह उन लोगों में शामिल थे. स्मिथ के अनुसार उन्होंने साल 2118 की दुनिया अपनी आंखों से देखी है और वहां की तस्वीर भी उनके पास है. उनका दावा है कि आज भी CIA उनके पीछे पड़ी है क्योंकि वह भविष्य के राज दुनिया के सामने ला रहे हैं.

तस्वीर में क्या दे रहा दिखाई?

सबूत के तौर पर स्मिथ ने एक धुंधली तस्वीर भी पेश की है, जो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रही है. इस फोटो में ऊंची, टेढ़ी-मेढ़ी और हरे रंग की अजीब इमारतें दिखाई दे रही हैं. तस्वीर इतनी साफ नहीं है, जिस पर कई लोग सवाल उठा रहे हैं. 

स्मिथ का कहना है कि टाइम ट्रैवल की प्रक्रिया के दौरान डेटा करप्शन होने की वजह से फोटो धुंधली हो गई. उन्होंने यह भी दावा किया कि असली फोटो सरकार ने जब्त कर ली थी लेकिन वह किसी तरह उसकी एक कॉपी बचाने में सफल रहे.

क्या की भविष्यवाणियां?

इतना ही नहीं उन्होंने भविष्य को लेकर कई चौंकाने वाली भविष्यवाणियां भी की हैं. उनके अनुसार साल 2050 तक एलियंस धरती पर पहुंच जाएंगे. इंसान मौजूदा भाषाओं को छोड़कर एक नई भाषा में बातचीत करेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि ग्लोबल वॉर्मिंग इतनी गंभीर हो जाएगी कि धरती का बड़ा हिस्सा रहने लायक नहीं बचेगा. इन दावों ने लोगों के बीच उत्सुकता और डर दोनों बढ़ा दिए हैं.

वैज्ञानिक नजरिए कितना है सच?

हालांकि वैज्ञानिक नजरिए से देखा जाए तो टाइम ट्रैवल अभी भी केवल थ्योरी, विज्ञान कथा और गणितीय समीकरणों तक ही सीमित है. अब तक ऐसा कोई प्रमाण सामने नहीं आया है जिससे यह साबित हो सके कि कोई इंसान वास्तव में भविष्य में जाकर वापस आया हो. कई विशेषज्ञों और आलोचकों का मानना है कि यह केवल पब्लिसिटी पाने का तरीका भी हो सकता है.

फिलहाल अलेक्जेंडर स्मिथ का यह दावा सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. कुछ लोग इसे सच मान रहे हैं, जबकि कई लोग इसे महज कल्पना और प्रचार का हिस्सा बता रहे हैं.