menu-icon
India Daily

अस्पताल के वॉर्ड में सो रहे थे मरीज, चोर ने चुपचाप मारी एंट्री और चुराए मोबाइल, वीडियो में देखें चोरी की पूरी वारदात

सरकारी अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था किस तरह भगवान भरोसे होती है, इसका एक जीवंत उदाहरण आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले में स्थित एक सरकारी अस्पताल में देखने को मिला है, जिसमें एक चोर ने रात के समय सोते हुए मरीजों के मोबाइल फोन चुरा लिए. अब इस घटना का CCTV फुटेज वायरल हो रहा है.

auth-image
Edited By: Kanhaiya Kumar Jha
Hospital Theft CCTV Footage India Daily
Courtesy: X/@jsuryareddy

नई दिल्ली: आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले में स्थित अराकू घाटी के एक सरकारी अस्पताल से जुड़ा एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. यह वीडियो अस्पताल में हुई एक चोरी की घटना का बताया जा रहा है. सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति को रात के समय अस्पताल के वार्ड में घूमते और सोए हुए मरीजों के पास रखे मोबाइल फोन चुराते हुए देखा जा सकता है.

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, यह पूरी घटना आधी रात के आसपास की है. जब ज्यादातर मरीज गहरी नींद में थे, तभी एक संदिग्ध व्यक्ति चुपके से अस्पताल के वार्ड में घुस गया. उसने धीरे-धीरे बिस्तरों के पास जाकर वहां रखे मोबाइल फोन उठा लिए और बिना किसी को जगाए वार्ड से बाहर निकल गया. फुटेज में वह काले रंग की हुडी और सफेद पैंट पहने नजर आ रहा है. वीडियो में उसका चेहरा भी काफी हद तक साफ दिखाई दे रहा है, जिससे पुलिस को पहचान में मदद मिल सकती है.

अस्पताल में चोरी की घटना से लोगों में नाराजगी

इस घटना के सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है. लोगों का कहना है कि अस्पताल जैसी सुरक्षित जगह में इस तरह की चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है. अस्पताल में आमतौर पर रात के समय सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं, लेकिन उस रात चोर कैसे अंदर घुसा और बिना पकड़े भाग गया, यह अब तक एक रहस्य बना हुआ है.

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है. सीसीटीवी फुटेज को ध्यान से देखा जा रहा है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या वह व्यक्ति अस्पताल का कोई पुराना कर्मचारी था या बाहर से आया था.

पहले भी मिलती रही है शिकायतें

स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल परिसर में सुरक्षा को लेकर पहले भी लापरवाही की शिकायतें मिलती रही हैं. अब यह घटना प्रशासन के लिए चेतावनी साबित हो सकती है. पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपी को जल्द पकड़ लिया जाएगा और अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों.