West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026

इंस्टाग्राम रील के लिए खोला चलती DTC का दरवाजा, फिर टेम्‍पो वाले से मसखरी, दिल्‍ली पुलिस ने स्‍टंटबाज का किया तगड़ा इलाज

दिल्ली के नॉर्थ ईस्ट इलाके में एक युवक ने सोशल मीडिया रील के लिए चलती बसों के दरवाजे खोल दिए. वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

X (@DelhiPolice)
Babli Rautela

दिल्ली के नॉर्थ ईस्ट इलाके में एक खतरनाक स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ. वीडियो में एक युवक बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल चलाते हुए ट्रैफिक के बीच नजर आया. क्लिप में वह चलते वाहनों और एक डीटीसी बस के दरवाजे अचानक खोलता दिखाई देता है. इस हरकत से यात्रियों और सड़क पर मौजूद अन्य लोगों की जान खतरे में पड़ गई.

वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए न्यू उस्मानपुर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया. दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जांच शुरू कर दी थी. पुलिस टीम ने वायरल क्लिप का विश्लेषण किया और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले.

दिल्ली पुलिस ने बाइकर की नाक में कसी नकेल

जांच के दौरान आरोपी की पहचान खजूरी खास निवासी तुषार पुनिया के रूप में हुई. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है. जांच में सामने आया कि पहचान छिपाने के लिए बाइक से रजिस्ट्रेशन प्लेट हटा दी गई थी. वीडियो में युवक को तेज रफ्तार में ट्रैफिक के बीच बाइक चलाते और अचानक गाड़ियों के दरवाजे खोलते देखा गया. पुलिस का कहना है कि इस तरह की हरकत गंभीर हादसे को जन्म दे सकती है. मामले की आगे भी जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या आरोपी पहले भी ऐसे मामलों में शामिल रहा है.

दिल्ली पुलिस ने लोगों से की अपील

दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए कानून और सुरक्षा नियमों की अनदेखी न करें. कुछ सेकंड की प्रसिद्धि किसी की भी जान से ज्यादा कीमती नहीं होती. इसके साथ ही दिल्ली पुलिस ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक वीडियो शेयर कर इस मामले को पूरी तरह से लोगों के सामने रखा है और दिखाया है कि कैसे उन्होंने इन बदमाश बाइकरों को गिरफ्तार कर लिया है.