IPL 2026

20 मीटर लंबे और खूंखार...', 10 करोड़ साल पहले समंदर पर राज करता था ये जानवर; AI से खुला पुराना रहस्य

आज से 10 करोड़ साल पहले समंदर पर एक ऐसे जानवर राज करते थे, जिससे समुद्री डायनासोर भी डरते थे. वह 20 मीटर लंबे और खूंखार थे. जापान की होक्काइडो यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से इनका खुलासा कर दिया.

AI
Ashutosh Rai

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से 10 करोड़ साल पहले का एक रहस्यमयी राज खुल गया है. आज से पहले डायनासोर के युग में समंदर पर 20 मीटर लंबे ऑक्टोपस का राज हुआ करता था. यह टॉप प्रीडेटर्स में से एक माना जाता था. इसकी खूंखार प्रवृत्ति के कारण, इसे समुद्र का राजा भी कहा जाता है. होक्काइडो यूनिवर्सिटी की इस नई रिसर्च ने समुद्री जीवों के इतिहास को लेकर दुनिया भर के वैज्ञानिकों को चौंका दिया है.

AI ने खोज निकाले 10 करोड़ साल पुराने सुराग

ऑक्टोपस के शरीर में हड्डियां या कठोर खोल नहीं होते, इसलिए उनके जीवाश्म मिलना लगभग नामुमकिन माना जाता है. जापान की होक्काइडो यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और ग्राइंडिंग टोमोग्राफी जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल करके एक बड़ा कारनामा कर दिखाया है. टीम ने जापान और कनाडा की चट्टानों में दबे प्राचीन ऑक्टोपस के जबड़ों के दुर्लभ जीवाश्म खोज निकाले. यह रिसर्च 23 अप्रैल 2026 को मशहूर विज्ञान पत्रिका साइंस में प्रकाशित हुई थी.

समुद्री डायनासोर से भी बड़े शिकारी थे ये जीव

शोध दल के प्रमुख प्रोफेसर यासुहिरो इबा के मुताबिक, लेट क्रेटेशियस काल (लगभग 10 करोड़ साल पहले) के ये ऑक्टोपस सिराटा प्रजाति के थे. ये बेहद विशालकाय और जबरदस्त शिकारी थे, जो उस काल के बड़े समुद्री डायनासोर को भी कड़ी टक्कर देते थे."

आक्रामक और मजबूत शिकारी

वैज्ञानिकों ने इन जीवाश्मों का अध्ययन किया, तो जबड़ों पर खरोंच, दरारें और भारी घिसाव के निशान मिले. कुछ नमूनों में तो जबड़े का 10% हिस्सा तक घिस चुका था. यह इस बात का पक्का सबूत है कि ये 20 मीटर लंबे जीव बेहद आक्रामक थे और अपने मजबूत जबड़ों से कठोर खोल वाले शिकार को भी आसानी से कुचल देते थे.

बदल गई विज्ञान की पुरानी धारणा

इस सनसनीखेज खोज ने विज्ञान जगत की उस पुरानी धारणा को तोड़ दिया है, जिसमें माना जाता था कि प्राचीन समुद्रों में सिर्फ रीढ़ वाले जीवों का ही दबदबा थाऋ इस रिसर्च से साफ हो गया है कि बिना रीढ़ वाले ये खूंखार ऑक्टोपस भी खाद्य श्रृंखला में सबसे ऊपर बैठकर राज करते थे. जीवाश्म के जबड़े के एक हिस्से का ज्यादा इस्तेमाल  इस बात का इशारा है कि 10 करोड़ साल पहले भी इन दैत्याकार जीवों का दिमाग काफी विकसित और तेज था.