एक डिलीवरी बॉय और क्रिकेट बैट का एक साधारण सा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसने पूरे भारत में हजारों लोगों का दिल जीत लिया है. इस भावुक वीडियो ने लोगों को इसलिए झकझोर दिया है क्योंकि यह आम इंसान के संघर्ष, समझौतों और अधूरे सपनों को बयां करता है.
वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि एक डिलीवरी बॉय किसी ग्राहक के घर ऑर्डर देने पहुंचता है. जैसे ही वह ऑर्डर देकर वापस जाने लगता ह उसकी नजर पास में ही रखे एक क्रिकेट बैट पर पड़ती है. कुछ पलों के लिए वह अपनी सारी परेशानियां और काम भूल जाता है. वह उस बैट को उठाता है और हवा में ऐसे शॉट खेलने लगता है मानो वह किसी बड़े मैदान पर मैच खेल रहा हो. जाने से पहले वह बड़े प्यार से उस बैट को चूमता है और चुपचाप वहां से निकल जाता है.
इस छोटे से वीडियो में न तो कोई ड्रामेटिक म्यूजिक था न कोई एक्टिंग और न ही कोई बनावटी सीन. इसके बावजूद सिर्फ कुछ सेकंड के इस वीडियो में दिखे असली हाव-भाव ने लोगों को अंदर तक छू लिया. कई सोशल मीडिया यूजर्स ने कहा कि इस वीडियो ने उन्हें उनके बचपन के दिनों और बड़े होने के बाद की कड़वी सच्चाई की याद दिला दी.
यहां देखें वीडियो
इंटरनेट पर लोग इस डिलीवरी बॉय को देश के उन करोड़ों युवाओं का प्रतीक मान रहे हैं जो कभी क्रिकेटर बनने या जीवन में कुछ बड़ा करने का सपना देखते थे. लेकिन वक्त के साथ घर-परिवार की जिम्मेदारियां, पैसे कमाने का दबाव और रोजमर्रा के संघर्षों ने उन्हें अपने सपनों को पीछे छोड़ने पर मजबूर कर दिया.
इस वीडियो को चंडीगढ़ क्रिकेट (UTCA) की सोशल मीडिया टीम के सदस्य रिशु चोपड़ा ने शेयर किया है. उन्होंने इंस्टाग्राम पर इस रील को देखा था और इसके पीछे की भावनाओं को महसूस कर इसे आगे शेयर कर दिया. बाद में क्रिकेट एसोसिएशन ने साफ किया कि इस डिलीवरी बॉय का उनके संगठन से कोई लेना-देना नहीं है उन्होंने इसे सिर्फ इसके प्रेरणादायक संदेश के कारण शेयर किया था.
वीडियो वायरल होने के बाद कई लोग इस लड़के की पहचान ढूंढ रहे हैं ताकि उसे नया बैट गिफ्ट कर सकें या आर्थिक मदद दे सकें. लेकिन इस बीच एक यूजर के कमेंट ने सबका ध्यान खींचा, जिसने लिखा 'कोई उसे बैट तो गिफ्ट कर सकता है लेकिन जिम्मेदारियों के चक्कर में जो साल उसने खो दिए वो उसे कौन लौटाएगा?' यह एक लाइन वीडियो देखने वाले हर उस शख्स की कहानी बयां करती है जिसने कभी न कभी अपने सपनों की कुर्बानी दी है.