बड़े ब्रांड की बड़ी लापरवाही! बेंगलुरु के PVR INOX में इस्तेमाल किए कपों से जूस परोसने का आरोप, वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप

बेंगलुरु के फोरम मॉल स्थित PVR INOX के जूस काउंटर को इस्तेमाल किए गए डिस्पोजेबल कप दोबारा इस्तेमाल करने के आरोप में बंद कर दिया गया है.

@utkhader X Account
Km Jaya

बेंगलुरु के एक PVR INOX मल्टीप्लेक्स से जुड़ा हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां इस्तेमाल किए गए डिस्पोजेबल कपों को धोकर दोबारा ग्राहकों को जूस परोसने का आरोप लगा है. सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल होने के बाद कर्नाटक के खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई की है. 

अधिकारियों ने जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाया, जिसके बाद जूस काउंटर को बंद करने का आदेश दिया गया. इस कार्रवाई की पुष्टि राज्य के स्वास्थ्य मंत्री यूटी खादर ने की है.

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

यह पूरा मामला 5 नवंबर को सामने आया, जब मिथिल कुमार नाम के एक इंस्टाग्राम यूजर ने PVR INOX के जूस काउंटर का एक वीडियो साझा किया. यह काउंटर बेंगलुरु के फोरम मॉल में स्थित है. वीडियो में कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए डिस्पोजेबल कप एक जगह रखे दिखाई दे रहे हैं.


वीडियो साझा करने वाले यूजर ने आरोप लगाया कि इन कपों को धोकर दोबारा ग्राहकों को जूस परोसने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने नाराजगी जताई. कई यूजर्स ने मल्टीप्लेक्स में मिलने वाले खाने-पीने के सामान की स्वच्छता और गुणवत्ता पर सवाल उठाए.

खाद्य सुरक्षा विभाग ने की जांच

वीडियो और शिकायत सामने आने के बाद कर्नाटक के स्वास्थ्य विभाग के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने फोरम मॉल स्थित PVR INOX के जूस काउंटर का निरीक्षण किया. यह आउटलेट दक्षिण बेंगलुरु के कोनानाकुंटे क्रॉस इलाके में स्थित है. जांच के दौरान अधिकारियों को खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन मिला. इसके बाद प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया गया और जूस काउंटर को बंद करने का निर्देश दिया गया.

राज्य के स्वास्थ्य मंत्री यूटी खादर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस कार्रवाई की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि ग्राहकों को जूस परोसने में इस्तेमाल किए जा रहे कपों को लेकर शिकायत मिली थी. इसके बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की.

बड़े ब्रांड हों या छोटे दुकानदार, सभी पर लागू होंगे नियम

स्वास्थ्य मंत्री यूटी खादर ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा के नियम सभी कारोबारियों के लिए समान हैं. चाहे कोई बड़ा ब्रांड हो या छोटा दुकानदार, सभी को स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन करना होगा. उन्होंने खाद्य कारोबारियों से अपील की कि वे खाने-पीने की चीजों को तैयार करने, पैक करने और ग्राहकों को परोसने के दौरान साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें. मंत्री ने कहा कि कारोबार के साथ ग्राहकों की सेहत का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है.

उन्होंने लोगों से यह भी अपील की कि यदि कहीं खाने, पैकेजिंग या परोसने के तरीके में गंदगी या लापरवाही दिखाई देती है, तो खाद्य सुरक्षा क्यूआर कोड के माध्यम से शिकायत दर्ज कराएं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि हर शिकायत पर ध्यान दिया जाएगा.

फोरम मॉल प्रबंधन ने मांगी माफी

इस मामले पर फोरम साउथ बेंगलुरु मॉल प्रबंधन ने भी प्रतिक्रिया दी है. मॉल प्रबंधन ने मिथिल कुमार की इंस्टाग्राम पोस्ट पर टिप्पणी करते हुए घटना पर खेद जताया और माफी मांगी. प्रबंधन के मुताबिक, PVR की टीम इस मामले की जांच कर रही है. जांच पूरी होने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी. हालांकि, खबर लिखे जाने तक PVR INOX की ओर से इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था.

इस घटना ने एक बार फिर सिनेमाघरों और सार्वजनिक स्थानों पर मिलने वाले खाने-पीने के सामान की स्वच्छता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. ग्राहकों के लिए यह जानना जरूरी है कि उन्हें परोसी जा रही चीजें साफ-सुथरे तरीके से तैयार और सर्व की जा रही हैं या नहीं.