लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का अहम सदस्य हैरी बॉक्सर अमेरिका में गिरफ्तार
लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का एक अहम सदस्य हरिराम उर्फ 'हैरी बॉक्सर' को अमेरिका में हिरासत में ले लिया गया है. दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल से मिली पुख्ता जानकारी के आधार पर, उसे शुक्रवार रात कैलिफोर्निया से पकड़ा गया.
नई दिल्ली: लॉरेंस बिश्नोई गैंग के एक प्राइम सदस्य हरिराम उर्फ हैरी बॉक्सर को अमेरिका में हिरासत में ले लिया गया है. अधिकारियों ने बताया कि उसे शुक्रवार रात कैलिफोर्निया से गिरफ्तार किया गया है. दिल्ली पुलिस की स्पेश सेल से एक टिप मिली थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई. बता दें कि हैरी बॉक्सर पर कई रंगदारी और हत्या के मामलों में वांछित होने का आरोप है.
हैरी बॉक्सर को लॉरेंस बिश्नोई के करीबियों में शामिल बताया जाता है. अमेरिका से वो गैंग का काम चला रहा था. उस पर सोशल मीडिया और ऑडियो संदेशों के जरिए बॉलीवुड की कई हस्तियों को धमकाने का भी आरोप है.
कई हाई-प्रोफाइल मामलों में आ चुका है नाम:
लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य हैरी बॉक्सर का नाम कई हाई-प्रोफाइल आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है. इस साल फरवरी में मुंबई के जुहू इलाके में फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी बॉक्सर ने ली थी. इस दौरान उन्होंने पांच राउंड गोलियां चलाई थीं. हालांकि, सुरक्षा गार्ड की सतर्कता से पुलिस को समय पर सूचना मिल गई और कोई घायल नहीं हुआ. इस मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया था.
Also Read
लोगों से मांगी थी रंगदारी:
बॉक्सर के लोगों पर अभिनेता तुषार कपूर से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का भी शक था. हालांकि, मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने धमकी भरे ऑडियो की आवाज का मिलान बॉक्सर के वॉयस सैंपल से नहीं पाया.
कौन है हैरी बॉक्सर?
हैरी बॉक्सर का असली नाम हरिचंद जाट है. वह राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बानसूर इलाके का रहने वाला है. जयपुर में रहने के दौरान उसने बॉक्सिंग सीखी थी. अपराध की दुनिया में आने से पहले वह बॉक्सिंग कोच था और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी करता था.
पुलिस के अनुसार, वह विदेश से रंगदारी का नेटवर्क चला रहा था. दिल्ली, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के कई मामलों में उसका नाम सामने आया है. कनाडा में कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे पर फायरिंग मामले में भी उसका नाम जुड़ा था. अब भारतीय एजेंसियां सीबीआई की मदद से उसे भारत लाने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर सकती हैं.