चाहत फतेह अली खान का 'बद्दो बद्दी' गाना सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था. हर कोई इस गाने पर रील्स बना रहा है. इसके चलते उनके इस गाने को एक अलग लोकप्रयिता मिल गई है. जिसके बाद अब फतेह अली खान ने एक नया बयान दिया है. हाल ही में टी 20 वर्ल्ड कप के लीग स्टेज से बाहर हुई पाकिस्तानी क्रिकेट टीम को लेकर चाहत फतेह अली खान ने अपनी ख्वाहिश जताई है. उन्होंने कहा कि वह पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष बनना चाहते हैं ताकि वह पाकिस्तान टीम को सही रास्ते पर ला सकें.
मौजूदा समय में मोहसिन नकवी पीसीबी प्रमुख हैं, जो आंतरिक मामलों के मंत्री भी हैं. चाहत फतेह अली खान चाहते हैं कि नकवी उनके लिए पीसीबी अध्यक्ष पद छोड़ दें क्योंकि नकवी के पास पहले से ही कई जरूरी जिम्मेदारियां हैं.
चाहत ने कहा, 'मैं पीसीबी और क्रिकेट टीम को सही रास्ते पर लाने के लिए तैयार हूं. अगर मुझे इस पद के लिए नियुक्त किया जाता है तो मैं व्यक्तिगत रूप से खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर निगरानी रखूंगा. साथ ही सप्ताह में चार दिन टीम को क्लास भी दूंगा. मैं पूरी टीम में अनुशासन का ध्यान रखूंगा और किसी भी हस्तक्षेप को बर्दाश्त नहीं करूंगा, मैं अकेला कोच पाकिस्तान के लिए काफी हूं'.
PCB अध्यक्ष पद चाहते हैं बद्दो बद्दी फेम सिंगर
उन्होंने कहा, 'मैं नकवी की आलोचना नहीं कर रहा. मैं बस चाहता हूं कि वह मेरे प्रस्ताव पर विचार करें क्योंकि वह महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों के साथ आंतरिक मंत्री भी हैं. मेरा मानना है कि उन्हें पीसीबी की अध्यक्षता मुझे सौंपनी चाहिए. यह मोहसिन नकवी का अपमान नहीं है लेकिन पीसीबी अध्यक्ष का पद उनके लिए नहीं है'.
बता दें कि बाबर आजम के नाबाद 32 रन की मदद से पाकिस्तान ने रविवार को आयरलैंड को तीन विकेट से हराकर टी20 विश्व कप में अपने निराशाजनक अभियान का एक बेहतर अंत किया है.