एक मिनट में चमक गई किस्मत! शख्स को खुदाई में मिला 1 करोड़ के सोने का टुकड़ा, देखें वीडियो
मेटल डिटेक्टर से खुदाई कर रहे एक शख्स को 1.2 किलो सोने का टुकड़ा मिला, जिसकी बाजार कीमत लगभग 1.5 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है.
कई दिनों की कड़ी मेहनत और बार-बार मिली निराशा के बाद ऑस्ट्रेलिया में एक शख्स की किस्मत अचानक चमक गई. न्यू साउथ वेल्स के सुदूर उत्तर-पश्चिमी इलाके में स्थित टिबूबुरा के पास माउंट स्टुअर्ट स्टेशन पर यह व्यक्ति सोने की खोज में खुदाई कर रहा था. तभी मेटल डिटेक्टर की मदद से उसे 1.2 किलोग्राम से ज्यादा वजन का एक विशाल सोने का टुकड़ा (नगेट) मिला.
थककर काम बंद ही करने वाला था शख्स
शख्स लंबे समय से उस इलाके में खोजबीन कर रहा था, लेकिन उसके हाथ कुछ खास नहीं लगा था. एक दिन जब वह लगातार खुदाई से थककर काम बंद करने ही वाला था, तभी उसके मेटल डिटेक्टर 'गोल्ड मॉन्स्टर 2000' में सिग्नल मिला. आमतौर पर सोना ढूंढते समय सिर्फ पुरानी कीलें, घोड़े की नाल या सीसे की गोलियां ही हाथ लगती हैं, लेकिन इस बार मामला कुछ अलग था.
Also Read
1.5 करोड़ रुपये से ज्यादा की है कीमत
जांच के दौरान पता चला कि 1.2 किलो वजनी इस टुकड़े में करीब 940 ग्राम बिल्कुल शुद्ध सोना मौजूद है. वर्तमान अंतरराष्ट्रीय बाजार के हिसाब से इसकी कीमत 1,50,000 से 1,60,000 डॉलर (लगभग 1.5 करोड़ रुपये) है. इस दुर्लभ सोने के टुकड़े को 'टिबूबुरा स्पड' नाम दिया गया है.
किसी कलेक्टर को बेचने की योजना
शख्स अब इस खास टुकड़े को किसी प्राइवेट कलेक्टर को बेचने का मन बना रहा है, जिससे इसकी कीमत करीब 2 करोड़ रुपये तक मिल सकती है. जानकारों के मुताबिक, पिछले 20 सालों में 1 किलोग्राम से ज्यादा वजन का सोने का टुकड़ा मिलने की यह बेहद दुर्लभ घटना है, क्योंकि आमतौर पर केवल छोटे-छोटे टुकड़े ही मिलते हैं.