'मेरी मां फंसी हैं, खाना नहीं मिला...', 8 घंटे लेट हुई एयर इंडिया की फ्लाइट, गर्मी में बिना AC के तड़प उठे लोग
Air India Flight Delayed: एयर इंडिया के फ्लाइट के लेट होने की खबर आई है, लेकिन इस बार खबर कुछ अलग है. फ्लाइट में फंसे पैसेंजर्स ने दर्द बयां करते हुए अपनी आपबीती शेयर की है, जो सोशल मीडिया पर वायरल है.
Air India Flight Delayed: मेरी मां फंसी हैं, खाना नहीं मिला है... ये दर्द 8 घंटे लेट हुई एयर इंडिया की फ्लाइट के पैसेंजर का है. सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट में दावा किया गया है कि 8 घंटे की देरी के बाद फ्लाइट ने 24 घंटे की देरी से उड़ान भरी. इस दौरान कुछ देर के लिए पैसेंजर फ्लाइट के अंदर 45 डिग्री टेम्प्रेचर के तापमान में फंसे रहे. इस दौरान AC भी काम नहीं कर रहा था. कुछ यात्रियों का दावा है कि फ्लाइट के अंदर मौजूद कुछ पैसेंजर गर्मी के कारण बेहोश तक हो गए.
जानकारी के मुताबिक, एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI-183 दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जाने वाली थी, लेकिन गुरुवार को उड़ान भरने वाली फ्लाइट में 8 घंटे से ज़्यादा की देरी हुई. यात्रियों ने इस दौरान हुई परेशानियों को सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर शेयर किया. यात्रियों ने दावा किया कि उन्हें बिना एयर कंडीशनर के इंतज़ार करना पड़ा, जिसकी वजह से कुछ लोग बेहोश हो गए. सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों में कुछ यात्रियों को एक गली जैसी जगह पर फ्लाइट के लिए इंतजार करते हुए पाया गया. फोटोज में कुछ बुजुर्ग यात्री भी दिख रहे थे, जो या तो लेटे हुए थे या फिर बैठकर फ्लाइट के अनाउंसमेंट का इंतजार करते रहे. उधर, एयर इंडिया ने इस असुविधा के लिए पैसेंजर्स से माफी मांगी है.
@39Abhishek नाम के यूजर ने एक्स पर लिखा कि एयर इंडिया, कृपया मेरे और बोर्डिंग एरिया में फंसे कई अन्य पैरेंट्स को घर जाने दें. एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI-183 पिछले 8 घंटे से ज़्यादा लेट है. लोगों को फ्लाइट में चढ़ने और बिना AC के बैठने के लिए मजबूर किया गया. फिर विमान से उतार दिया गया और टर्मिनल में प्रवेश नहीं करने दिया गया, क्योंकि इमिग्रेशन हो चुका था.
यूजर ने शुक्रवार सुबह अपडेट देते हुए बताया कि एयर इंडिया यात्रियों को होटल ले गई. 2 बजे तक कमरा उपलब्ध करा दिया गया. 11 बजे डिपार्चर के लिए नया बोर्डिंग पास दिया गया. इससे पहले उन्होंने एविएशन मिनिस्टर ज्योतिरादित्य सिंधिया और डीजीसीए इंडिया को टैग करते हुए उन्होंने लिखा कि माता-पिता एयरपोर्ट पर वापस आ गए हैं और ऐसा लगता है कि ये फ्लाइट भी रद्द हो गई है. एयर इंडिया से कोई भी मदद नहीं कर रहा है. उन्होंने लिखा कि डेल-सैन फ़्रैन रूट पर यही हो रहा है. पुराने विमान, कैंसिलेशन, ख़राब सीटें आम बात है. मेरे माता-पिता इस फ्लाइट पर हैं और संघर्ष कर रहे हैं. पिछले 16 घंटों से कोई जानकारी नहीं है.
यात्रियों की परेशानियों के लिए एयर इंडिया ने मांगी माफी
यात्रियों की ओर से की गई शिकायत पर एयरलाइन्स ने जवाब दिया कि हमें व्यवधानों के लिए सचमुच खेद है. कृपया आश्वस्त रहें कि हमारी टीम देरी को दूर करने के लिए एक्टिव होकर काम कर रही है और आपके निरंतर समर्थन और समझ की सराहना करती है. हम यात्रियों को आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए अपनी टीम को भी सतर्क कर रहे हैं.
अमाद्रो नाम के एक सोशल मीडिया यूजर ने भी एक्स पर दावा किया कि फ्लाइट की देरी के कारण उनकी मां एयरपोर्ट पर फंस गईं. मेरी समेत अन्य पैसेंजर्स को डिनर भी नहीं दिया गया और न ही किसी तरह की कोई मदद की गई. एक अन्य यूजर ने एयरलाइन से क्विक एक्शन लेने की अपील की और कहा कि मेरे माता-पिता के साथ-साथ बोर्डिंग क्षेत्र में फंसे अन्य कई माता-पिता को घर जाने दें.
ये पहली बार नहीं है जब एयर इंडिया की फ्लाइट्स में इतनी देरी हुई हो. इस महीने की शुरुआत में, मुंबई से सैन फ्रांसिस्को जाने वाली एयर इंडिया की एक फ्लाइट में लोगों को खराब एयर कंडीशनिंग के कारण लगभग 6 घंटे तक यात्री केबिन में बैठना पड़ा था. ताजा घटना ऐसे वक्त में हुई है, जब दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई शहरों में भीषण गर्मी पड़ रही है और टेम्प्रेचर रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गया है.