अमेरिका: रिहायशी इलाके में गिरा प्राइवेट जेट, 9 लोगों की दर्दनाक मौत; जमीन पर बना गहरा गड्ढा
Florida Private Jet Crash: अमेरिका के फ्लोरिडा में रविवार को एक बड़ा विमान हादसा हुआ. इस हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई. ये सभी विमान में मौजूद थे. यह विमान अचानक आसमान से नीचे गिरकर रिहायशी इलाके के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया.
Florida Private Jet Crash: अमेरिका के फ्लोरिडा में रविवार को एक बड़ा विमान हादसा हुआ. इस हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई. ये सभी विमान में मौजूद थे. यह विमान अचानक आसमान से नीचे गिरकर रिहायशी इलाके के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया. विमान के जमीन से टकराने के बाद जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद यह आग के बड़े गोले में बदल गया. इस दर्दनाक हादसे में विमान में सवार सभी नौ लोगों की मौत हो गई. हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
बता दें कि यह दुर्घटना फ्लोरिडा के पाम बीच काउंटी में क्रेस्टहेवन इलाके के पास हुई. यह जगह अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के रिसॉर्ट मार-ए-लागो से करीब 9 मील (14 किलोमीटर) दूर है. बता दें कि विमान मिलिट्री ट्रेल नाम की छह लेन वाली सड़क के पास गिरा. यह सड़क कई दुकानों और रेस्टोरेंट से घिरी हुई है. विमान के टकराने से सड़क पर बड़ा गड्ढा बन गया और आसपास आग फैल गई.
लोगों ने रिकॉर्ड किया वीडियो:
इस हादसे का वीडियो वहां मौजूदा लोगों ने रिकॉर्ड किया. वीडियो में फ्लाइट का अचानक से नीचे आना और जमीन से टकराना कैद हुआ. फिर यह आग का गोला बन गया और देखते ही देखते घटनास्थल पर काले धुएं का गुबार छा गया. विमान के टकराने से सड़क का हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
Also Read
- अमेरिकी चुनाव में बहुमत गंवाने पर भी टैरिफ से पीछे नहीं हटेंगे ट्रंप, डेमोक्रेट्स ने बनाई घेरने की रणनीति
- इजरायल में नेतन्याहू को सत्ता से हटाने की तैयारी, अरब पार्टियों ने गादी आइजेनकोट को दिया समर्थन का प्रस्ताव
- ट्रंप के लिए खतरे की घंटी! अमेरिका मिड-टर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी पर मंडराया हार का खतरा
टेक्सास से बहामास जा रहा था विमान:
अमेरिका के परिवहन मंत्री सीन डफी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर हादसे की पुष्टि की. उनके मुताबिक, दुर्घटना रविवार दोपहर करीब 12:50 बजे हुई. विमान ने टेक्सास के ऑस्टिन से उड़ान भरी थी और उसे बहामास जाना था. विमान निजी तौर पर ऑपरेट किया जा रहा था. ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम इंटरनेशनल एयरपोर्ट के प्रवक्ता जिम रेनॉल्ड्स ने विमान का टेल नंबर N722BD बताया.
हादसे की गंभीरता को देखते हुए पाम बीच काउंटी फायर रेस्क्यू ने इसे मास कैजुअल्टी यानी बड़ी संख्या में लोगों के प्रभावित होने वाली घटना घोषित किया. पुलिस ने लोगों से घटनास्थल के आसपास की सड़क से दूर रहने और दूसरे रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की.
पायलट ने भेजा था MAYDAY मैसेज:
इस विमान हादसे से पहले एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) और विमान के क्रू के बीच हुई बातचीत भी सामने आई है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विमान के पायलट ने शुरुआत में खराब मौसम जैसी स्थिति और हवा में बर्फ जमने की जानकारी दी थी. हालांकि, कुछ ही देर में विमान की स्थिति तेजी से बिगड़ने लगी.
पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को MAYDAY यानी इमरजेंसी मैसेज भेजा. इसके बाद पायलट ने बताया कि विमान बहुत तेजी से नीचे गिर रहा है. एक मैसेज में उसने बताया कि विमान करीब 10 हजार फीट प्रति मिनट की रफ्तार से नीचे जा रहा है. बाद में गिरने की रफ्तार और बढ़ने की जानकारी दी गई. ATC अधिकारी लगातार विमान के क्रू से संपर्क बनाए रखने की कोशिश कर रहे थे. इसी दौरान क्रू की एक महिला सदस्य की घबराई हुई आवाज भी रिकॉर्डिंग में सुनाई दी. उसने कहा कि उनके पास अब समय नहीं बचा है.
FAA और NTSB ने शुरू की जांच:
अमेरिका की फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) ने हादसे की जांच शुरू कर दी है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश करेंगी कि विमान में तकनीकी खराबी आई थी या मौसम और अन्य परिस्थितियों के कारण यह दुर्घटना हुई.