menu-icon
India Daily

अपना ही खून पीने लगी महिला... खुद को समझती थी भूत, डॉक्टरों ने बताई हैरान करने वाली बीमारी

28 साल की एक महिला को कोटार्ड सिंड्रोम नाम की दुर्लभ मानसिक बीमारी हो गई थी. उसे यकीन था कि उसकी मौत हो चुकी है और वह भूत है. इसी भ्रम में वह अपने शरीर से खून निकालकर पीने लगी.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
अपना ही खून पीने लगी महिला... खुद को समझती थी भूत, डॉक्टरों ने बताई हैरान करने वाली बीमारी
Courtesy: Pinterest

एक 28 साल की महिला की अजीबोगरीब कहानी ने डॉक्टरों को भी हैरान कर दिया. महिला को यकीन हो गया था कि उसकी मौत हो चुकी है और वह अब जिंदा इंसान नहीं, बल्कि एक भूत है. इसी भ्रम में उसने खुद को जिंदा रखने के लिए अपना ही खून पीना शुरू कर दिया. वह ब्लेड से शरीर पर कट लगाती, खून को कांच के छोटे बर्तन में इकट्ठा करती और फिर उसे पी जाती थी. करीब तीन हफ्ते तक उसका यह सिलसिला चलता रहा. जब उसकी मां उसे अस्पताल लेकर पहुंचीं, तो जांच में एक दुर्लभ मानसिक बीमारी का पता चला.

दरअसल, इस मामले की जानकारी मेडिकल जर्नल Cureus में प्रकाशित एक केस रिपोर्ट के जरिए सामने आई है. रिपोर्ट के मुताबिक, महिला को कोटार्ड सिंड्रोम नाम की दुर्लभ मानसिक स्थिति थी. इसके साथ ही वह ऑटोहेमोफैजिया से भी पीड़ित थी. इस स्थिति में व्यक्ति अपना ही खून पीने लगता है. महिला का मानना था कि उसका शरीर तो हिल-डुल रहा है, लेकिन उसके अंदर जीवन नहीं बचा है. उसे लगता था कि वह बहुत पहले मर चुकी है और अब केवल भूत की तरह इस दुनिया में मौजूद है.

खुद को मरा हुआ मानती थी महिला

महिला को अपने मरने का इतना गहरा भ्रम हो गया था कि वह खुद को जिंदा इंसान मानने से इनकार करती थी. उसका विश्वास था कि अपना खून पीने से वह इस दुनिया से जुड़ी रह सकती है. इसी सोच के चलते उसने अपने शरीर पर ब्लेड से कट लगाने शुरू कर दिए. वह खून को एक छोटे कांच के बर्तन में जमा करती और फिर उसे पी जाती थी. वह इस पूरी प्रक्रिया को किसी रस्म की तरह करती थी.

जब उसकी मां ने उसकी हालत देखी तो वह उसे अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में लेकर पहुंचीं. डॉक्टरों ने पाया कि महिला बहुत कम बोल रही थी. वह ज्यादा हिलती-डुलती नहीं थी और उसके चेहरे पर भी कोई खास भाव नहीं थे. उसकी साफ-सफाई की स्थिति भी ठीक नहीं थी. डॉक्टरों के सामने उसने कहा कि उसका शरीर भले ही हिलता-डुलता है, लेकिन उसके अंदर कुछ भी जीवित नहीं है.

क्या है कोटार्ड सिंड्रोम?

कोटार्ड सिंड्रोम एक बेहद दुर्लभ मानसिक और तंत्रिका संबंधी स्थिति है. इसमें व्यक्ति को भ्रम हो सकता है कि उसकी मौत हो चुकी है, उसके शरीर के अंग खत्म हो चुके हैं या उसका इस दुनिया में कोई अस्तित्व नहीं है. कुछ लोगों को ऐसा भी महसूस होता है कि उनका शरीर सड़ रहा है या उनके अंदर जीवन पूरी तरह समाप्त हो चुका है.

वहीं, ऑटोहेमोफैजिया ऐसी स्थिति है, जिसमें व्यक्ति अपना ही खून पीने लगता है. यह व्यवहार गंभीर मानसिक समस्याओं और साइकोसिस जैसी स्थितियों के साथ देखा जा सकता है. इस महिला के मामले में दोनों स्थितियां एक साथ सामने आईं, जिसके कारण उसकी हालत और गंभीर हो गई थी.

पहले से नहीं थी मानसिक बीमारी की जानकारी

केस रिपोर्ट के मुताबिक, महिला को पहले किसी मानसिक बीमारी का पता नहीं चला था. हालांकि, किशोरावस्था से ही वह लोगों से कम मिलती-जुलती थी. उसे अकेले रहना पसंद था और वह बीच-बीच में उदासी का भी शिकार होती थी. करीब पांच साल पहले उसने यूनिवर्सिटी की पढ़ाई छोड़ दी थी. इसके बाद वह बेरोजगार थी और अपनी मां के साथ रहती थी.

महिला का खुद को नुकसान पहुंचाने का इतिहास भी रहा था. किशोरावस्था में वह अपने शरीर को खरोंचती थी और कभी-कभी खुद को हल्का जलाती भी थी. अस्पताल में जांच के दौरान डॉक्टरों को उसके हाथों, जांघों और छाती पर कट के कई निशान मिले. इनमें कुछ पुराने थे, जबकि कुछ हाल के थे. उसके शरीर में खून की हल्की कमी यानी एनीमिया भी पाया गया. हालांकि, ब्रेन MRI में कोई असामान्यता नहीं मिली.

24 दिन के इलाज के बाद होने लगा सुधार

डॉक्टरों ने महिला को मानसिक स्वास्थ्य विभाग में भर्ती कर लिया. खुद को नुकसान पहुंचाने की आशंका को देखते हुए उस पर 24 घंटे निगरानी रखी गई. शुरुआत में वह दवाइयां लेने को तैयार नहीं थी. उसका कहना था कि जब वह मर चुकी है तो दवाइयों का कोई मतलब नहीं है.

बाद में डॉक्टरों की कोशिशों के बाद वह इलाज के लिए राजी हो गई. उसे एंटीसाइकोटिक और एंटीडिप्रेसेंट दवाइयां दी गईं. इसके साथ ही काउंसलिंग और थेरेपी भी शुरू की गई. इलाज के पहले सप्ताह में ज्यादा सुधार नहीं दिखा और वह लगातार खुद को मरा हुआ बताती रही.

कब आया स्थिति में बदलाव?

दूसरे सप्ताह से उसकी स्थिति में बदलाव आने लगा. वह अस्पताल की गतिविधियों में हिस्सा लेने लगी और धीरे-धीरे अपने भ्रम पर सवाल उठाने लगी. तीसरे सप्ताह तक उसने खुद को मरा हुआ मानने की धारणा पर संदेह करना शुरू कर दिया. इसी दौरान उसने अपना खून पीना भी बंद कर दिया.

अस्पताल में 24 दिन रहने के बाद महिला को छुट्टी दे दी गई. हालांकि, उसके मन में कुछ भ्रम अब भी मौजूद थे, लेकिन उनकी तीव्रता काफी कम हो गई थी. उसने आगे भी दवाइयां और थेरेपी जारी रखने पर सहमति जताई. उसकी मां के लिए भी फैमिली थेरेपी की योजना बनाई गई. केस रिपोर्ट में अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद महिला की आगे की स्थिति की जानकारी नहीं दी गई है.