Business News: सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन बाजार का रिस्पॉन्स ठंडा रहा. बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी और सेंसेक्स मामूली बढ़त व गिरावट के साथ बंद हुए. हालांकि बाजार के ठंडे रिस्पॉन्स के बीच एक शेयर ऐसा था जिसने शानदार रफ्तार पकड़ी और यह 20 प्रतिशत तक उछल गया.
इस शेयर का नाम है SEPC Ltd. शुक्रवार को स्मॉलकैप कंस्ट्रक्शन कंपनी SEPC Ltd का शेयर रॉकेट बन गया और इतनी तेजी से भागा कि इसमें 20% का अपर सर्किट लग गया. हालांकि आखिरी समय में इसमें प्रॉफिट बुकिंग हुई और यह 17.62% की तेजी से साथ बंद हुआ. पिछले एक महीने में यह शेयर करीब 42 प्रतिशत का रिटर्न दे चुका है.
कंपनी के शेयर में क्यों आई तूफानी तेजी
दरअसल, स्मॉलकैप कंपनी SEPC Ltd ने सूचना दी की कंपनी को 232 करोड़ रुपए के कॉन्ट्रैक्ट के लिए Hutti Gold Mines Ltd (HGML) से अंतिम मंजूरी मिल गयी है.
कंपनी ने BSE को दी गई जानकारी में कहा कि SEPC को कर्नाटक के रायचूर जिले के हुट्टी में टर्नकी आधार पर 232 करोड़ की लागत से 'पूर्ण वाइंडिंग इंस्टालेशन के साथ नए सर्कुलर शाफ्ट का निर्माण' करने के लिए HGML से अंतिम स्वीकृति प्रमाणपत्र को मंजूरी मिल गई है.
कंपनी को 22 अगस्त 2024 को यह सर्टिफिकेट मिला. कंपनी ने कहा कि जो भी सिस्टम इंस्टॉल किया गया वह जांच के बाद पूरी तरह से संतोषजनक पाया गया. सर्टिफिकेट के अनुसार एक साल का वारंटी पीरियड भी खत्म हो चुका है.
कंपनी को हुआ 12.7 करोड़ रुपए का मुनाफा
कंपनी ने कहा कि जून 2024 तिमाही (Q1 FY25) के लिए उसका स्टैंडअलोन शुद्ध लाभ एक साल पहले की अवधि में 5.2 करोड़ रुपये से बढ़कर 12.7 करोड़ रुपये हो गया. वहीं कंपनी का राजस्व पिछले साल की समान तिमाही के मुकाबले 143.3 करोड़ से बढ़कर 175.8 करोड़ हो गया.
इससे पहले कंपनी ने कहा था कि उसके पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी M/s Shriram EPC FZE को करीब 2700 करोड़ रुपए का सीमेंट प्रोजेक्ट मिला है. जून 2024 तक प्रमोटरों की कंपनी में 23.24 प्रतिशत हिस्सेदारी है.
Disclaimer: यह लेख जानकारी देने के उद्देश्य से लिखा गया है. किसी भी निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.