नई दिल्ली: आज 1 फरवरी है और आज संसद में देश का आम बजट पेश होने वाला है. ठीक इसी दिन देश की सरकारी पेट्रोलियम कंपनियों ने जनता को एक बड़ा झटका दे दिया है. कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 49 रुपये का इजाफा कर दिया है. इस बढ़ोतरी को तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है. पिछले महीने जनवरी में भी 111 रुपये की बढोत्तरी की गई थी. हालांकि घरेलू गैस के दाम अब भी स्थिर हैं. इस बढोत्तरी से होटल, ढाबा और हलवाई का काम करने वाले कारोबारियों पर सबसे ज्यादा प्रभाव पड़ेगा. वहीं घरेलू गैस के दाम न बढ़ाए जाने से आम आदमी को राहत मिली है.
जानकारी के अनुसार भारतीय तेल निगम (IOC), भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने हर महीने की पहली तारीख पर कीमतों की समीक्षा की है. इस बार 19 किलो कमर्शियल सिलेंडर के दाम में 49 रुपये की बढोत्तरी की गई है. दिल्ली में अब इसकी कीमत बढ़कर 1740.50 रुपये हो गई है. गौरतलब है कि जनवरी में भी दाम बढ़े थे, लेकिन पिछले साल नवंबर-दिसंबर में कमी की गई थी.
दिल्ली में पहले 19 किलो सिलेंडर की कीमत 1691.50 रुपये थी. अब यह बढ़कर 1740.50 रुपये हो गई है. वहीं घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 14.2 किलो वाला सिलेंडर अब भी 853 रुपये पर ही मिलेगा. गौरतलब है कि तीनों सरकारी कंपनियां एक ही दाम लागू करती हैं. घरेलू सिलेंडर की कीमत न बढ़ने से आम परिवारों को फिलहाल राहत मिली है.
कोलकाता में 19 किलो कमर्शियल सिलेंडर की कीमत अब 1844.50 रुपये है. वहीं मुंबई में नई कीमत 1692 रुपये और चेन्नई में 1899.50 रुपये हो गई है. इन शहरों में भी घरेलू सिलेंडर की कीमतें नहीं बढ़ी हैं. कोलकाता में 879 रुपये, मुंबई में 852.50 रुपये और चेन्नई में 868.50 रुपये ही रहेंगी.
2025 में भी कई बार कमर्शियल सिलेंडर के दामों में उतार-चड़ाव देखा गया था. मार्च में दिल्ली में 1803 रुपये से शुरू होकर अप्रैल में 1762, मई में 1747.50, जून में 1723.50, जुलाई में 1665, अगस्त में 1631.50 रुपये तक कीमत पहुंची थी. वहीं सितंबर में थोड़ी बढ़ी, अक्टूबर में 1595.50, नवंबर में 1590.50 और दिसंबर में 1580.50 रुपये पहुंच गई थी.
वहीं आज हवाई जहाज ईंधन (एटीएफ) के दाम में कमी आई है. दिल्ली में एक किलोलीटर एटीएफ अब 778.85 डॉलर यानी 91,393.39 रुपये हो गए हैं. पहले इसकी कीमत 791.48 डॉलर थी. वहीं कोलकाता में 817.19 डॉलर, मुंबई में 778.56 डॉलर और चेन्नई में 774.26 डॉलर इसके दाम रह गए हैं. इससे हवाई यात्रा पर असर पड़ सकता है.