कैसे जाएं घर...? IRCTC ठप, टिकट बुकिंग के लिए परेशान हो रहे यात्री
मंगलवार को IRCTC की वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर तकनीकी दिक्कत आने से टिकट बुकिंग प्रभावित हुई.
IRCTC Server Issue: त्योहारों के मौसम में घर पहुंचने की उम्मीद लगाए बैठे रेल यात्रियों के लिए मंगलवार का दिन परेशानी भरा रहा. जिन लोगों ने दीपावली और भाई दूज के बाद वापसी या छठ पूजा पर गांव जाने की योजना बनाई थी, उन्हें टिकट बुक कराने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा. IRCTC की वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर अचानक आई तकनीकी दिक्कत ने यात्रियों की चिंता बढ़ा दी. टिकट बुकिंग की कोशिश करने वाले कई लोगों को निराश होकर इंतजार करना पड़ा.
बताया जा रहा है कि सुबह से ही रेलवे टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म पर समस्या बनी हुई थी. दोपहर तक IRCTC की वेबसाइट, ऐप और रेल कनेक्ट जैसे माध्यमों से भी बुकिंग प्रक्रिया पूरी करने में दिक्कत आ रही थी. यात्रियों को आशंका है कि कहीं टिकट मिलने में देरी के कारण उनकी त्योहार की यात्रा की योजना ही न बिगड़ जाए.
त्योहार पर घर जाने वालों की बढ़ी परेशानी
दीपावली और भाई दूज के मौके पर बड़ी संख्या में लोग अपने घरों और गांवों में पहुंचे हैं. अब वापसी की तैयारी कर रहे यात्रियों के सामने टिकट की समस्या खड़ी हो गई है. दूसरी ओर, छठ पूजा के लिए बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग शहरों में जाने वाले लोग भी बुकिंग नहीं कर पा रहे हैं. आखिरी समय में यात्रा तय करने वालों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं.
Also Read
टिकट बुक करते ही स्क्रीन पर आ रहा यह मैसेज
IRCTC की वेबसाइट या ऐप पर टिकट बुकिंग की प्रक्रिया आगे बढ़ाने पर यात्रियों को 'We are experiencing high load - Please retry' का संदेश दिखाई दे रहा है. इसका मतलब है कि सिस्टम पर अधिक लोड होने के कारण अनुरोध पूरा नहीं हो पा रहा है. ऐसे में यात्री बार-बार कोशिश करने के बावजूद टिकट बुक नहीं कर पा रहे हैं.
PNR स्टेटस चेक करने में भी दिक्कत
परेशानी सिर्फ नए टिकट बुक कराने तक सीमित नहीं रही. जिन यात्रियों ने पहले से अपनी यात्रा के लिए टिकट आरक्षित करा रखा है, उन्हें भी PNR स्टेटस देखने में परेशानी हुई. त्योहारों के दौरान यात्रा से पहले टिकट की स्थिति जानना जरूरी होता है. ऐसे में बुकिंग और स्टेटस जांचने, दोनों सेवाओं में बाधा आने से यात्रियों की चिंता बढ़ गई है.
रेलवे की ओर से नहीं आया आधिकारिक जवाब
खबर लिखे जाने तक भारतीय रेलवे की ओर से इस तकनीकी समस्या को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी. ऐसे में यह स्पष्ट नहीं हो पाया था कि सर्वर पर अधिक लोड के अलावा समस्या की कोई दूसरी वजह भी है या नहीं. यात्रियों को सेवा सामान्य होने का इंतजार है, ताकि वे अपनी यात्रा की योजना आगे बढ़ा सकें.
त्योहारों के लिए चलाई जा रही हैं स्पेशल ट्रेनें
त्योहारों पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने अलग-अलग मार्गों पर विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की है. इसके बावजूद समय पर टिकट नहीं मिलना लोगों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है. खासकर छठ के लिए घर जाने वालों को आरक्षण की चिंता सता रही है. यात्रियों को अब उम्मीद है कि IRCTC की सेवाएं जल्द सामान्य होंगी और उन्हें बिना परेशानी टिकट बुक करने का मौका मिलेगा.