वंदे मातरम् के बीच बैठ गए केरल के स्वास्थ्य मंत्री, कलेक्टर और सांसद भी बैठे; वीडियो वायरल होने से मचा विवाद

केरल में राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम्' को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है. राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम् का गायन पूरा होने से पहले ही अपनी कुर्सी पर बैठ गए.

Pinterest
Shilpa Srivastava

कासरगोड: केरल में राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम्' को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है. राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम् का गायन पूरा होने से पहले ही अपनी कुर्सी पर बैठ गए. हैरानी की बात यह रही कि उनके साथ जिला कलेक्टर और सांसद समेत कुछ अन्य अधिकारी और नेता भी बैठ गए. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसे लेकर राजनीतिक बहस शुरू हो गई है.

बता दें कि यह मामला केरल के कासरगोड जिले का है. यहां मुल्लेरिया फैमिली हेल्थ सेंटर में एक नई लैब के उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित किया गया था. कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् गाया जा रहा था. 

क्या है वीडियो में? 

वीडियो में स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन गीत के शुरुआती दो अंतरे गाए जाने के बाद मंच पर अपनी कुर्सी पर बैठ जाते हैं. उनके साथ जिला कलेक्टर, कासरगोड के सांसद राजमोहन उन्नीथन और विधायक के. महिन भी बैठ जाते हैं. इस दौरान मंत्री पास बैठे लोगों से बातचीत करते हुए भी नजर आते हैं. हालांकि, गीत का गायन जारी रहता है.


जहां मंत्री और कुछ अन्य लोग बैठ गए, वहीं विधायक के. नीलकंदन और जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पी.के. फैसल पूरे गीत के खत्म होने तक खड़े रहे. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं.

क्या है के. मुरलीधरन का कहना?

राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन का कहना है, "उल्लियेरी में राज्य सरकार के एक कार्यक्रम में, दो पंचायत सदस्यों ने तय प्रार्थना गीत के बजाय 'वंदे मातरम' का पूरा पद गा दिया. पंचायतें अपने कार्यक्रमों में अपने खुद के प्रोटोकॉल का पालन कर सकती हैं, लेकिन किसी अलग प्रोटोकॉल को थोपकर राज्य सरकार के कार्यक्रम को अपने हिसाब से मोड़ने की कोशिश को स्वीकार नहीं किया जाएगा..."

वंदे मातरम् के पूरे संस्करण को लेकर पहले से विवाद:

यह घटना ऐसे समय हुई है, जब सरकारी कार्यक्रमों में वंदे मातरम् का पूरा संस्करण गाने को लेकर देश में बहस चल रही है. केंद्र सरकार के निर्देश के बाद आधिकारिक कार्यक्रमों में राष्ट्रीय गीत के सभी छह अंतरों को शामिल करने पर चर्चा तेज हुई है. वहीं, कांग्रेस का कहना है कि शुरुआती दो अंतरों का गायन पर्याप्त है.

केरल के स्वास्थ्य मंत्री मुरलीधरन पहले भी कह चुके हैं कि राज्य के सरकारी कार्यक्रमों में वंदे मातरम् के केवल शुरुआती दो अंतरे ही गाए जाएंगे. इससे पहले दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में भी वंदे मातरम् के पूरे संस्करण को लेकर विवाद हुआ था. भाजपा ने इस मुद्दे पर सोनिया गांधी से माफी की मांग की थी. फिलहाल केरल की इस घटना का वीडियो राजनीतिक चर्चा का विषय बना हुआ है.