नई दिल्ली: आज के समय में पैन कार्ड देश के सबसे महत्वपूर्ण फाइनेंशियल डॉक्यूमेंट में से एक बन चुका है. बैंक अकाउंट खोलना हो, इनकम टैक्स रिटर्न भरना हो, क्रेडिट कार्ड बनवाना हो या फिर लोन लेना हो. लगभग हर वित्तीय काम में पैन कार्ड जरूरी हो गया है. डिजिटल बैंकिंग और इंस्टेंट लोन की सुविधा ने लोगों के लिए पैसे तक पहुंच आसान बना दी है. लेकिन इसके साथ ही ऑनलाइन फ्रॉड के मामले भी तेजी से बढ़ रहे हैं.
कई बार ऐसा होता है कि किसी व्यक्ति को तब पता चलता है कि उसके नाम पर लोन चल रहा है जब वह खुद नया लोन या क्रेडिट कार्ड लेने के लिए आवेदन करता है. आवेदन रिजेक्ट होने के बाद उसे पता चलता है कि उसके पैन नंबर पर पहले से लोन दर्ज है.
अगर किसी ने आपके पैन कार्ड का गलत इस्तेमाल करके लोन ले लिया है तो इसका सीधा असर आपके सिबिल स्कोर पर पड़ सकता है. लोन की ईएमआई समय पर नहीं चुकाई जाती तो क्रेडिट स्कोर तेजी से गिर सकता है. इसका असर भविष्य में आपकी वित्तीय योजनाओं पर भी पड़ता है.
कम क्रेडिट स्कोर होने पर बैंक या वित्तीय संस्थान नया लोन देने से मना कर सकते हैं. इसलिए यह बहुत जरूरी है कि समय समय पर यह जांचते रहें कि आपके पैन नंबर से कोई अनजान लोन तो नहीं लिया गया है.
अगर आपको शक है कि आपके पैन कार्ड का गलत इस्तेमाल हुआ है तो सबसे पहले अपनी क्रेडिट रिपोर्ट चेक करें. भारत में चार प्रमुख क्रेडिट ब्यूरो हैं जहां से आप अपनी क्रेडिट रिपोर्ट प्राप्त कर सकते हैं. इनमें ट्रांसयूनियन सिबिल, एक्सपीरियन, इक्विफैक्स और सीआरआईएफ हाई मार्क शामिल हैं.
इनकी वेबसाइट पर जाकर आप साल में एक बार मुफ्त क्रेडिट रिपोर्ट डाउनलोड कर सकते हैं. रिपोर्ट डाउनलोड करने के बाद Account Information या Loan Details सेक्शन को ध्यान से देखें. यहां आपके नाम से जुड़े सभी लोन और क्रेडिट कार्ड की जानकारी दिखाई देती है. अगर रिपोर्ट में ऐसा कोई लोन दिखे जो आपने नहीं लिया या किसी अनजान बैंक का नाम दिखाई दे तो तुरंत सावधान हो जाएं. इसके अलावा अगर अचानक बड़ी लोन राशि दर्ज हो या बिना जानकारी के कई क्रेडिट जांच दिखाई दें तो यह भी फ्रॉड का संकेत हो सकता है.
आजकल कई मोबाइल ऐप भी आपके पैन कार्ड से जुड़े क्रेडिट और लोन की जानकारी दिखाते हैं. फिनटेक ऐप जैसे CRED, Paytm और Google Pay पर आपके सक्रिय लोन और क्रेडिट कार्ड की जानकारी दिखाई दे सकती है. इन ऐप्स में नोटिफिकेशन चालू रखने से अगर आपके नाम पर कोई नया लोन जुड़ता है तो तुरंत जानकारी मिल सकती है. इसके अलावा हर महीने बैंक स्टेटमेंट भी ध्यान से चेक करना चाहिए. अगर कोई अनजान ईएमआई या संदिग्ध लेनदेन दिखाई दे तो तुरंत जांच करें.
अगर आपको लगता है कि आपके पैन कार्ड पर बिना जानकारी के लोन लिया गया है तो बिल्कुल भी देरी न करें. सबसे पहले संबंधित बैंक या लोन देने वाली कंपनी से संपर्क करें और पूरी जानकारी मांगें. इसके बाद क्रेडिट ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराएं ताकि गलत एंट्री को जांच के बाद हटाया जा सके. अगर मामला गंभीर लगे तो नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कर सकते हैं. इसके अलावा आप 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करके भी सहायता ले सकते हैं.