आयुष्मान कार्ड में नहीं है नाम? घबराइए नहीं, सरकार ने खोला नया रास्ता; इस प्रोसेस को करें फॉलो
अगर आपका आयुष्मान कार्ड नहीं बना है या आपका नाम लाभार्थी सूची में नहीं दिख रहा है, तो अब भी आपके पास मौका है. उत्तर प्रदेश सरकार विशेष अभियान चलाकर पात्र लोगों को योजना से जोड़ रही है.
मुफ्त इलाज की सुविधा देने वाली आयुष्मान भारत योजना का लाभ लेने के लिए आयुष्मान कार्ड जरूरी है. हालांकि अब भी कई ऐसे लोग हैं जिनका कार्ड नहीं बन पाया है या जिनका नाम लाभार्थी सूची में दिखाई नहीं देता. ऐसे लोगों के लिए राहत की खबर सामने आई है. उत्तर प्रदेश सरकार विशेष अभियान के माध्यम से छूटे हुए पात्र लोगों को योजना से जोड़ने में जुटी है. इस अभियान के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में स्वास्थ्य कैंप लगाए जा रहे हैं, जहां पहुंचकर लोग अपने दस्तावेजों का सत्यापन करवा सकते हैं और आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं.
विशेष अभियान के जरिए मिल रहा मौका
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक के अनुसार प्रदेश में 15 मई से 14 अगस्त 2026 तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इस अभियान का उद्देश्य उन लोगों को योजना का लाभ दिलाना है जो किसी कारणवश अब तक आयुष्मान कार्ड नहीं बनवा पाए हैं. सरकार चाहती है कि अधिक से अधिक पात्र परिवार इस स्वास्थ्य सुरक्षा योजना से जुड़ सकें और जरूरत पड़ने पर मुफ्त इलाज का लाभ उठा सकें.
इन जगहों पर लगाए गए हैं स्वास्थ्य कैंप
आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष स्वास्थ्य कैंप आयोजित किए जा रहे हैं. ये कैंप सरकारी अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और स्थानीय स्तर पर गांवों तथा मोहल्लों में लगाए जा रहे हैं. पात्र व्यक्ति अपने नजदीकी कैंप में पहुंचकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं. अधिकारियों की ओर से मौके पर ही आवेदन और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
Also Read
कार्ड बनवाने के लिए क्या करना होगा
कार्ड बनवाने के इच्छुक व्यक्ति को अपने नजदीकी आयुष्मान स्वास्थ्य कैंप में जाना होगा. वहां मौजूद संबंधित अधिकारी को आधार कार्ड, राशन कार्ड और मोबाइल नंबर उपलब्ध कराना होगा. इसके बाद दस्तावेजों की जांच की जाएगी. सत्यापन पूरा होने के बाद बायोमेट्रिक प्रक्रिया और ई-केवाईसी की जाएगी. सभी औपचारिकताएं पूरी होने पर आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया पूरी कर दी जाएगी.
सूची में नाम नहीं है तो भी जांच कराएं
कई लोगों की शिकायत रहती है कि उनका नाम लाभार्थी सूची में दिखाई नहीं देता. ऐसे मामलों में भी समाधान का विकल्प मौजूद है. व्यक्ति अपने नजदीकी अस्पताल या कैंप में मौजूद आयुष्मान मित्र से संपर्क कर अपनी पात्रता की जांच करवा सकता है. यदि वह योजना के लिए पात्र पाया जाता है, तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत उसका आयुष्मान कार्ड बनाया जा सकता है और उसे योजना का लाभ मिल सकता है.