menu-icon
India Daily

आपके घर तक पहुंची ईरान युद्ध की आग! दूध के बाद अब ब्रेड भी हो गई महंगी, इतना हुआ इजाफा

अमेरिका-ईरान युद्ध की वजह से महंगाई तेजी से बढ़ रही है. भारत में दूध के बाद अब ब्रेड के दाम भी बढ़ गए हैं. जिसका सीधा असर आपकी जेब पर पड़ेगा. तो चलिए जानते हैं दाम कितने बढ़े हैं.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
आपके घर तक पहुंची ईरान युद्ध की आग! दूध के बाद अब ब्रेड भी हो गई महंगी, इतना हुआ इजाफा
Courtesy: AI

अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे युद्ध का सीधा असर अब भारतीय जनता की जेब पर पड़ना शुरू हो गया है. महंगाई बम ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. पेट्रोल-डीजल,एलपीजी और सीएनजी के दाम बढ़ने के बाद अब दूध और ब्रेड के दाम भी बढ़ गए हैं, जिससे लोगों का ब्रेकफास्ट महंगा हो गया है.

ब्रेड बनाने वाली कंपनियों ने साइज के हिसाब से ब्रेड के दामों में बढ़ोतरी की है. हालांकि इससे पहले दूध के दाम भी बढ़े थे. पिछले एक हफ्ते में पेट्रोल-डीजल के दामों में भी बढ़ोतरी देखने को मिली है. कुल मिलाकर मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव का सीधा असर लोगों की जेब पर पड़ रहा है.

आम जनता का नाश्ता महंगा 

भारत में महंगाई तेजी से बढ़ रही है. हालांकि पड़ोसी मुल्कों की तुलना में स्थिति अभी भी कंट्रोल में है, लेकिन महंगाई बम का असर अब भारत पर भी पड़ना शुरू हो गया है. आम जनता के लिए सुबह का नाश्ता महंगा हो गया है. मुंबई में सबसे ज्यादा पाव या ब्रेड का इस्तेमाल नाश्ते के लिए किया जाता है. ऐसे में मुंबई की मॉडर्न ब्रेड ने अपने ग्राहकों को झटका दिया है. कंपनी द्वारा पैकेट के साइज के हिसाब से दाम बढ़ाए गए हैं. उम्मीद की जा रही है कि अब जल्द ही दूसरी कंपनियां भी अपने दाम बढ़ा देंगी. 

कितना बढ़ गए ब्रेड के दाम?

मिल रही जानकारी के मुताबिक 400 ग्राम का सैंडविच ब्रेड पहले 40 रुपये का था, जो अब 45 रुपये का हो चुका है. वहीं व्हाइट ब्रेड पहले 55 रुपये का था, जो अब 60 का हो गया. वहीं मल्टीग्रेन ब्रेड 60 रुपये से बढ़कर अब 65 रुपये कर दिए गए हैं. वहीं छोटे साइज के सभी ब्रेड 2 रुपये महंगे हो गए हैं. एक हफ्ते पहले दूध के दामों में भी बढ़ोतरी हुई थी. कंपनियों द्वारा दाम इसलिए बढ़ाए जा रहे हैं क्योंकि पैकेजिंग के लिए इस्तेमाल की जाने वाली प्लास्टिक के कच्चे माल का ट्रांसपोर्टेशन जंग की वजह से मुश्किल हो गया है. इसके अलावा पेट्रोल-डीजल के भी दाम बढ़ गए हैं, जिसकी वजह से महंगाई बढ़ती जा रही है. अभी आने वाले समय में कई चीजों के दामों में बढ़ोतरी हो सकती है.