वंदे भारत में चढ़ना पड़ा भारी, परिजनों को ट्रेन में छोड़ने पहुंचे परिवार को भरना पड़ा 36,140 रुपये का जुर्माना

वाराणसी से नई दिल्ली जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस में परिजनों को छोड़ने पहुंचे एक परिवार के 13 सदस्य ट्रेन में फंस गए. इनमें 12 वयस्क और एक बच्चा शामिल था.

Pinterest
Km Jaya

वाराणसी से नई दिल्ली जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस में अपने परिजनों को छोड़ने पहुंचे एक परिवार को भारी कीमत चुकानी पड़ गई. रेलवे ने परिवार के 12 वयस्कों और एक बच्चे से कुल 36,140 रुपये का जुर्माना और किराया वसूला. दरअसल, परिवार के सदस्य अपने परिजनों को ट्रेन में बैठाने और उनका सामान रखने के लिए अंदर चढ़े थे, लेकिन इसी दौरान ट्रेन के ऑटोमैटिक दरवाजे बंद हो गए. ट्रेन रवाना होने के बाद वे लोग नीचे नहीं उतर पाए और बिना टिकट यात्री बन गए.

यह घटना 15 नवंबर 2026 की बताई जा रही है. जानकारी के मुताबिक, बनारस से नई दिल्ली के बीच चलने वाली गाड़ी संख्या 22415 वंदे भारत एक्सप्रेस में कुछ लोग अपने परिजनों को विदा करने स्टेशन पहुंचे थे. परिवार के सदस्य अपने साथियों को ट्रेन में बैठाने और उनका सामान व्यवस्थित करने के लिए कोच के अंदर चले गए. इसी बीच ट्रेन के स्वचालित दरवाजे बंद हो गए. इससे पहले कि वे लोग बाहर निकल पाते, ट्रेन ने स्टेशन से रफ्तार पकड़ ली.

ऑटोमैटिक दरवाजे बंद होने से ट्रेन में फंसे लोग

परिवार के सदस्यों को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही देर में उन्हें इस तरह की परेशानी का सामना करना पड़ेगा. ट्रेन के दरवाजे अपने आप बंद होने के कारण वे समय रहते नीचे नहीं उतर सके. इसके बाद ट्रेन में मौजूद लोगों के टिकट की जांच की गई. जांच में पता चला कि परिवार के 12 वयस्क और एक बच्चा बिना वैध टिकट के सफर कर रहे हैं.


रेलवे की टीम ने की जांच, वसूले 36,140 रुपये

इस मामले की जानकारी टूंडला कंट्रोल रूम के माध्यम से रेलवे प्रशासन तक पहुंची. इसके बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF), राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) और स्टेशन अधीक्षक की मौजूदगी में कार्रवाई की गई. मुख्य टिकट निरीक्षक ने ट्रेन में यात्रियों की जांच की. इस दौरान सभी 13 लोग बिना वैध टिकट के पाए गए.

रेलवे ने इन सभी लोगों को अनधिकृत यात्री मानते हुए नियमानुसार किराया और जुर्माना लगाया. इसके बाद परिवार से कुल 36,140 रुपये की वसूली की गई. इस तरह परिजनों को कुछ देर के लिए ट्रेन में छोड़ने पहुंचे परिवार को हजारों रुपये का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा.

रेलवे ने यात्रियों और परिजनों से की अपील

इस घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने यात्रियों और उनके परिजनों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है. रेलवे ने कहा है कि किसी को ट्रेन में छोड़ने या उसका सामान रखने के लिए बिना वैध टिकट के कोच के अंदर प्रवेश नहीं करना चाहिए. स्टेशन परिसर में आने वाले लोगों के लिए प्लेटफॉर्म टिकट लेना भी जरूरी है.

रेलवे के मुताबिक, वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऑटोमैटिक दरवाजों की व्यवस्था की गई है. ट्रेन के रवाना होने से पहले दरवाजे अपने आप बंद हो जाते हैं. ऐसे में यदि कोई व्यक्ति बिना टिकट ट्रेन के अंदर चला जाता है और ट्रेन चलने के बाद भी अंदर रह जाता है, तो उसे रेलवे के नियमों के तहत किराया और जुर्माना देना पड़ सकता है. इस घटना से यात्रियों को यह सीख मिलती है कि ट्रेन में किसी को विदा करने के लिए अंदर जाने के बजाय प्लेटफॉर्म पर ही रहना चाहिए. थोड़ी सी लापरवाही जेब पर भारी पड़ सकती है.