देशभर के शिव भक्तों को हर साल अमरनाथ यात्रा का बेसब्री से इंतजार रहता है. बाबा बर्फानी के पवित्र दर्शन के लिए लाखों श्रद्धालु कठिन पहाड़ी रास्तों से होकर गुजरते हैं. इस वर्ष यात्रा 3 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त तक चलेगी. ऐसे में यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए पहले से तैयारी करना बेहद जरूरी माना जा रहा है. अमरनाथ यात्रा केवल आस्था का नहीं बल्कि धैर्य और शारीरिक क्षमता का भी सफर है. ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम तेजी से बदलता है और लंबी चढ़ाई शरीर को थका सकती है. इसलिए कुछ जरूरी सामान साथ रखने से यात्रा अधिक आरामदायक और सुरक्षित बन सकती है.
यात्रा के दौरान शरीर को हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी है. लगातार पैदल चलने और चढ़ाई करने से प्यास अधिक लग सकती है. ऐसे में अपने पास हमेशा पानी की बोतल रखना चाहिए. पर्याप्त मात्रा में पानी पीने से शरीर में ऊर्जा बनी रहती है और थकान भी कम महसूस होती है.
पहाड़ी रास्तों पर सफर के दौरान कई लोगों को सिरदर्द, थकान या अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है. इसलिए अपने साथ फर्स्ट एड किट, बैंडेज और जरूरी दवाइयां जरूर रखें. व्यक्तिगत रूप से उपयोग की जाने वाली दवाओं को भी साथ रखना समझदारी होगी.
अमरनाथ यात्रा मार्ग पर मौसम का मिजाज कभी भी बदल सकता है. धूप, बारिश और ठंडी हवाएं एक ही दिन में महसूस हो सकती हैं. इसलिए गर्म कपड़े, छाता और वाटरप्रूफ जूते साथ रखना उपयोगी रहेगा. ये सामान अचानक बदलते मौसम में आपकी सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करेंगे.
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तेज धूप और ठंडी हवाएं त्वचा को प्रभावित कर सकती हैं. इसलिए सनस्क्रीन और धूप का चश्मा अपने बैग में जरूर रखें. इससे त्वचा और आंखों को मौसम के प्रभाव से बचाने में मदद मिलेगी और यात्रा अधिक आरामदायक रहेगी.
श्रद्धालुओं को अपने साथ टॉर्च या हेडलैंप, ट्रेकिंग स्टिक, ड्राई फ्रूट्स, चॉकलेट, भुने चने और खट्टी-मीठी टॉफियां भी रखनी चाहिए. इसके अलावा मोबाइल फोन, पैसे और अन्य जरूरी सामान को सुरक्षित रखने के लिए वाटरप्रूफ कवर भी उपयोगी साबित हो सकता है. यात्रा के दौरान पहचान पत्र और यात्रा अनुमति पत्र हमेशा अपने पास रखें, क्योंकि मार्ग में कई स्थानों पर जांच की जा सकती है.