आज के समय में बढ़ती महंगाई और खर्चों के बीच पैसा बचाना किसी चुनौती से कम नहीं है. कई लोग अच्छी कमाई करने के बावजूद महीने के अंत तक आर्थिक दबाव महसूस करते हैं. इसकी सबसे बड़ी वजह बिना योजना के खर्च करना और बचत को प्राथमिकता न देना है. ऐसे में वित्तीय विशेषज्ञ 50 30 20 के गोल्डन रूल को सबसे आसान और प्रभावी बजटिंग फॉर्मूला मानते हैं. यह नियम आपकी आय को व्यवस्थित तरीके से खर्च करने और भविष्य के लिए मजबूत आर्थिक आधार तैयार करने में मदद करता है. अब सवाल ये है कि क्या है 50 30 20 का गोल्डन रूल? तो बता दें की इस नियम के तहत आपकी मासिक आय को तीन हिस्सों में बांटा जाता है. हर हिस्से का एक अलग उद्देश्य होता है ताकि खर्च और बचत के बीच संतुलन बना रहे.
आपकी कुल आय का आधा हिस्सा केवल जरूरी खर्चों के लिए होना चाहिए. इसमें घर का किराया, होम लोन की किस्त, बिजली पानी के बिल, राशन, बच्चों की फीस, बीमा प्रीमियम और चिकित्सा संबंधी खर्च शामिल होते हैं. ये ऐसे खर्च हैं जिन्हें टाला नहीं जा सकता और जो आपकी दैनिक जरूरतों से जुड़े होते हैं.
जीवन केवल जिम्मेदारियों तक सीमित नहीं है. इसलिए इस नियम में आय का 30 प्रतिशत हिस्सा आपकी पसंद और शौक के लिए रखा गया है. इस राशि का उपयोग घूमने फिरने, बाहर खाना खाने, मनोरंजन, ऑनलाइन शॉपिंग, नई तकनीकी वस्तुएं खरीदने या अन्य व्यक्तिगत इच्छाओं को पूरा करने के लिए किया जा सकता है.
इस नियम का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा बचत और निवेश है. कुल आय का 20 प्रतिशत हिस्सा भविष्य की वित्तीय सुरक्षा के लिए अलग रखना चाहिए. इस पैसे को म्यूचुअल फंड, पीपीएफ, एनपीएस, फिक्स्ड डिपॉजिट या शेयर बाजार जैसे विकल्पों में निवेश किया जा सकता है. साथ ही इसी हिस्से से इमरजेंसी फंड भी तैयार किया जा सकता है ताकि अचानक आने वाली आर्थिक जरूरतों का सामना आसानी से किया जा सके.
50 30 20 का नियम आपको अनुशासित वित्तीय जीवन जीने में मदद करता है. इससे अनावश्यक खर्चों पर नियंत्रण रहता है और भविष्य के लिए नियमित बचत की आदत विकसित होती है. यह नियम खासतौर पर नौकरीपेशा लोगों, युवा पेशेवरों और नए निवेशकों के लिए काफी उपयोगी माना जाता है. हर व्यक्ति की आय और जिम्मेदारियां अलग होती हैं. यदि किसी पर अधिक कर्ज है या आय सीमित है तो वह अपनी जरूरत के अनुसार इस अनुपात में बदलाव कर सकता है. मुख्य उद्देश्य यह है कि हर महीने कुछ हिस्सा बचत और निवेश के लिए जरूर निकाला जाए ताकि भविष्य आर्थिक रूप से सुरक्षित रह सके. यदि आप नियमित रूप से इस नियम का पालन करते हैं तो न केवल अपने वर्तमान खर्चों को बेहतर तरीके से संभाल पाएंगे, बल्कि आने वाले वर्षों में मजबूत वित्तीय स्थिति भी बना सकेंगे.