नई दिल्ली: Samsung India ने अपने कर्मचारियों को लेकर बड़ा फैसला लिया है. रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने अपने TV और होम अप्लायंसेज बिजनेस में करीब 80 से 100 अधिकारियों की छंटनी की है. अलग-अलग फेजेज में हो रही इस छंटनी में डायरेक्टर, टीम लीड, ब्रांच मैनेजर और एरिया मैनेजर जैसे पदों पर काम करने वाले कर्मचारी शामिल है.
कंपनी के इस फैसले के पीछे दो बड़े कारण बताए जा रहे हैं, जिसमें से एक प्रोडक्शन कॉस्ट और दूसरा कमजोर सेल्स है. पिछले कुछ समय में मेमोरी चिप की कीमतों में काफी बढ़ोतरी हुई है. इससे टीवी और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक सामान बनाने की लागत बढ़ गई है.
इस छंटनी के बीछे भारतीय रुपये का कमजोर होना भी एक कारण माना जा रहा है. इम्पोर्टेड कंपोनेंट्स महंगे होने के कारण प्रोडक्ट्स की लागत बढ़ गई है. ऐसे में कम कीमत पर सामान बेचते हुए पहले जैसा प्रॉफिट मार्जिन बनाए रखना कंपनियों के लिए चुनौती बन गया है.
अभी जो छंटनी की गई है वो सैमसंग के टीवी और होम अप्लायंसेज बिजनेस में हुई है. हालांकि, रिपोर्ट में दावा किया गया है कि आने वाले समय में कुछ और कर्मचारियों की नौकरी भी जा सकती है. सैमसंग के इलेक्ट्रॉनिक्स बिजनेस की सेल्स और मार्केटिंग टीम में करीब 550 से 600 अधिकारी बताए जा रहे हैं. इनमें से लगभग 25 फीसदी कर्मचारियों पर असर पड़ने की आशंका जताई गई है. इसमें Direct Employees के साथ Off-Roll Employees भी शामिल हो सकते हैं.
नौकरी से हटाए जा रहे कर्मचारियों को कंपनी की तरफ से सेवरेंस पैकेज दिया जा रहा है. रिपोर्ट के अनुसार, कर्मचारियों को करीब तीन महीने की सैलरी के साथ हर साल की सर्विस के बदले एक महीने की अतिरिक्त सैलरी दोेने की व्यवस्था भी की गई है. इससे कर्मचारियों को नौकरी खत्म होने के बाद कुछ समय तक आर्थिक मदद मिल सकेगी.
Samsung के स्मार्टफोन बिजनेस को फिलहाल इस छंटनी से अलग रखा गया है. कंपनी को उम्मीद है कि आने वाले फेस्टिवल सीजन और दिवाली के दौरान स्मार्टफोन सेल्स में तेजी आ सकती है. हालांकि, भारतीय स्मार्टफोन मार्केट में भी दबाव देखा जा रहा है. रिपोर्ट के अनुसार, देश में स्मार्टफोन सेल्स वॉल्यूम में सालाना करीब 11 से 12 फीसदी की गिरावट आई है.