मोबाइल यूजर्स सावधान! फिर बढ़ सकते हैं रिचार्ज के दाम, नवंबर-दिसंबर में बढ़ेगा जेब का बोझ

मोबाइल रिचार्ज प्लान महंगे होने की खबरों के बीच नवंबर-दिसंबर पर यूजर्स की नजर है. कुछ रिपोर्ट्स और टिप्स्टर के दावों में 12 से 15 फीसदी तक टैरिफ बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है.

Pinterest
Km Jaya

मोबाइल यूजर्स के लिए आने वाले महीने जेब पर भारी पड़ सकते हैं. नवंबर या दिसंबर में टेलीकॉम कंपनियां मोबाइल रिचार्ज प्लान की कीमतों में बढ़ोतरी कर सकती हैं. हालांकि अभी कंपनियों की ओर से किसी नई टैरिफ बढ़ोतरी की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है. इस बीच मोबाइल टिप्स्टर अभिषेक यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दावा किया है कि साल के अंत तक रिचार्ज प्लान महंगे हो सकते हैं.

इससे पहले भी कई रिपोर्ट्स में टेलीकॉम कंपनियों की ओर से प्रीपेड और पोस्टपेड प्लान की कीमतें बढ़ाए जाने की संभावना जताई गई है. जानकारों का मानना है कि अगर टैरिफ में बढ़ोतरी होती है, तो इसका असर खास तौर पर उन यूजर्स पर पड़ेगा, जो 84 दिन या सालाना प्लान का इस्तेमाल करते हैं.

कितने महंगे हो सकते हैं मोबाइल रिचार्ज?

सेंट्रम इंस्टीट्यूशनल रिसर्च की रिपोर्ट के हवाले से टैरिफ में करीब 12 से 15 फीसदी तक बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है. अगर ऐसा होता है, तो मौजूदा प्लान की तुलना में यूजर्स को ज्यादा कीमत चुकानी पड़ सकती है.


उदाहरण के तौर पर अगर किसी प्लान की मौजूदा कीमत 300 रुपये है और कीमतों में 12 से 15 फीसदी की बढ़ोतरी होती है, तो इसकी कीमत करीब 336 से 345 रुपये तक पहुंच सकती है. हालांकि वास्तविक कीमत टेलीकॉम कंपनी और प्लान के आधार पर अलग हो सकती है.

कुछ समय पहले एयरटेल ने अपने पोस्टपेड प्लान की कीमतों में बदलाव किया था. वहीं, टेलीकॉम कंपनियों पर किफायती वॉइस-केंद्रित प्लान उपलब्ध कराने को लेकर भी नियामकीय दिशा-निर्देश हैं. एयरटेल की ओर से ऐसे कुछ प्लान पेश किए जा चुके हैं.

कंपनियां क्यों बढ़ा सकती हैं कीमतें?

टेलीकॉम सेक्टर में 5G नेटवर्क और इंफ्रास्ट्रक्चर पर लगातार बड़ा निवेश किया जा रहा है. ऐसे में कंपनियों की कोशिश प्रति यूजर औसत कमाई बढ़ाने की हो सकती है. माना जा रहा है कि टेलीकॉम कंपनियां अब अपने राजस्व और वित्तीय स्थिति को मजबूत करने पर ज्यादा ध्यान दे रही हैं.

पहले कंपनियां कीमतें बढ़ाने से इसलिए भी बचती थीं क्योंकि उन्हें यूजर्स के दूसरी कंपनी में जाने का डर रहता था. लेकिन सीमित बड़े खिलाड़ियों वाले बाजार और 5G से जुड़ी लागत के बीच टैरिफ बढ़ोतरी की संभावना बनी हुई है.

रिचार्ज महंगा होने से पहले क्या कर सकते हैं?

अगर आने वाले समय में टैरिफ बढ़ते हैं, तो यूजर्स मौजूदा कीमतों पर लंबी अवधि के प्लान का रिचार्ज कराने पर विचार कर सकते हैं. कई मामलों में एक नंबर पर पहले से रिचार्ज होने के बावजूद दूसरा प्लान कतार में रह सकता है और मौजूदा प्लान खत्म होने के बाद एक्टिव होता है.

हालांकि एक साथ लंबी अवधि का रिचार्ज कराने के लिए ज्यादा रकम खर्च करनी होगी. इसलिए ऐसा फैसला अपनी जरूरत और बजट देखकर ही लेना बेहतर होगा. इसके अलावा जिन यूजर्स को इंटरनेट की जरूरत कम है, वे कंपनियों के वॉइस और एसएमएस आधारित प्लान पर भी नजर रख सकते हैं. फिलहाल नवंबर-दिसंबर में रिचार्ज महंगे होंगे या नहीं, इसे लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है.