'पब्लिक प्रेशर रहा होगा... बात करूंगा', दलेर मेहंदी विवाद पर CM धामी का बड़ा बयान
कुंजापुरी मेले में दलेर मेहंदी की परफॉर्मेंस के दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल की कथित टिप्पणी के बाद विवाद बढ़ गया. फिल्म संस्था FWICE ने दलेर मेहंदी के समर्थन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और CM पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखा.
उत्तराखंड के कुंजापुरी मेले में पंजाबी गायक दलेर मेहंदी की परफॉर्मेंस के दौरान हुआ विवाद अब राजनीतिक और फिल्म जगत तक पहुंच गया है. मंच पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल द्वारा दलेर मेहंदी पर शराब पीने का आरोप लगाए जाने और नाराजगी जताने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया. अब उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस विवाद पर पहली प्रतिक्रिया दी है.
सीएम धामी ने कहा कि संभव है कि कार्यक्रम के दौरान जनता की तरफ से कोई दबाव रहा हो. उन्होंने कहा कि दलेर मेहंदी और मीका सिंह के साथ उनके अच्छे और करीबी रिश्ते हैं. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वह इस मामले को लेकर आज खुद दोनों से बात करेंगे.
मंच पर मंत्री की नाराजगी से बढ़ा विवाद
कुंजापुरी मेले में दलेर मेहंदी की परफॉर्मेंस के दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने मंच से कथित तौर पर उनके शराब पीने को लेकर नाराजगी जताई थी. इसके बाद यह मामला सोशल मीडिया और सार्वजनिक चर्चा में आ गया. दलेर मेहंदी को लेकर की गई इस टिप्पणी पर मनोरंजन जगत से भी प्रतिक्रिया सामने आने लगी.
Also Read
दलेर मेहंदी के समर्थन में उतरी फिल्म इंडस्ट्री
विवाद बढ़ने के बाद फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े संगठन दलेर मेहंदी के समर्थन में सामने आए हैं. फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज यानी FWICE ने इस मामले को गंभीर बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखा है.
FWICE ने अपने पत्र में दलेर मेहंदी के साथ हुए कथित सार्वजनिक अपमान पर नाराजगी जताई है. संगठन ने कहा कि दलेर मेहंदी भारतीय संगीत जगत के जाने-माने कलाकार हैं और उनकी एनर्जेटिक परफॉर्मेंस ने कई पीढ़ियों के दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई है.
FWICE ने उठाया वरिष्ठ कलाकार के सम्मान का मुद्दा
फिल्म संस्था का कहना है कि किसी वरिष्ठ और प्रतिष्ठित कलाकार के साथ सार्वजनिक मंच पर इस तरह का व्यवहार पूरी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के लिए चिंता और निराशा का विषय है. संगठन ने इस मामले में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की है.
CM धामी करेंगे दलेर और मीका से बात
FWICE के कड़े रुख के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रतिक्रिया सामने आई है. सीएम ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान शायद जनता की ओर से कोई दबाव रहा होगा. उन्होंने दलेर मेहंदी और मीका सिंह के साथ अपने अच्छे संबंधों का जिक्र करते हुए दोनों से खुद बात करने की बात कही है.