ये Websites बिगाड़ रहीं हैं Jio, Airtel और VI का खेल, इन पर गिर सकती है गाज!
Cellular Operators Association of India: भारत की टेलीकॉम कंपनियों ने कई विदेशी साइट्स को ब्लॉक कराने की मांग की है. इसके लिए उनकी ओर से सेल्युलर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने सरकार को पत्र लिखा है.
COAI: भारत की टेलीकॉम इंडस्ट्री बॉडी सेल्युलर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने टेलीकॉम उपकरणों के मामलों पर सरकार से हस्तक्षेप करने की मांग की है. टेलीकॉम सचिव नीरज मित्तल को पत्र लिखकर इस मुद्दे को उठाया गया है.
रिलायंस जियो, भारती एयरटेल और वोडाफोन आइडिया, सेल्युलर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के सदस्य हैं. यानी एक तरह से COAI ने इन कंपनियों की ओर से भारत सरकार को पत्र लिखकर विदेशी साइटों पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है.
पत्र में कहा गया है कि उन्हें उपकरणों को सही करने में भारी भरकम नुकसान उठाना पड़ रहा है. इससे कस्टमर को भी परेशानी उठानी पड़ रही है.
एसोसिएशन ने डिपार्टमेंट ऑफ टेलीकम्युनिकेशन को लिखे पत्र में विस्तारपूर्वक इन साइटों के काले कारनामों के बारे में बताया है कि कैसे ये टेलीकम्युनिकेशन कंपनियों के उपकरणों पर सेंध मारी कर रही हैं. इसके साथ इन वेबसाइटों पर कड़ा एक्शन लेते हुए तत्काल रूप से बंद करने की मांग की गई है.
इन वेबसाइट्स को बंद करने की मांग
सेल्युलर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के सदस्य (Cellular Operators Association of India) ने पत्र में तत्काल प्रभाव से कई वेबसाइटों को बंद करने का आग्रह किया है. eBay, Alibaba, Telefly, Seeker816, Dorfatrade जैसी वेबसाइटों पर बैन लगाने की मांग की गई है. एसोसिएशन ने आरोप लगाया है कि ये वेबसाइटें एक्टिव टेलीकॉम उपरकरण बेच रही हैं. ऐसा संदेह है कि ये उपकरण रिलायंस जियो, भारती एयरटेल और वोडाफोन आइडिया के से चुराए गए दूरसंचार उपकरण हैं.
COAI की ओर से मांग की गई है कि इन साइटों को तत्काल रूप से ब्लॉक करना बहुत ही जरूरी है. पत्र में डिपार्टमेंट ऑफ टेलीकॉम से ये भी कहा गया है कि चोरी हो रहे दूरसंचार विभाग के उपकरणों के मामले में तत्काल रूप से हस्तक्षेप किया जाए और सभी राज्य के दूरसंचार विभाग के सचिव से कहा जाए कि वो इन शिकायतों पर सख्त से सख्त कार्रवाई करें.