Cyclone Akvan Alert: ओडिशा में आने वाले चक्रवात 'अक्वान' को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं. मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने चक्रवात से निपटने के लिए की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए. सरकार का लक्ष्य इस प्राकृतिक आपदा के दौरान किसी भी व्यक्ति की जान न जाने देना यानी 'जीरो कैजुअल्टी' रखना है.
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, चक्रवात के शुक्रवार दोपहर गोपालपुर के पास हरिपुर तट पर पहुंचने की संभावना जताई गई है. इसके खतरे को देखते हुए राज्य के 20 जिलों में राहत, बचाव और सुरक्षा से जुड़े इंतजाम किए गए हैं.
मुख्यमंत्री के मुताबिक, अब तक 3 लाख से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है. इनमें 4,170 गर्भवती महिलाएं भी शामिल हैं, जिन्हें सुरक्षित आश्रयों में शिफ्ट किया गया. इनमें से 1,317 महिलाओं ने सुरक्षित स्थानों पर बच्चों को जन्म दिया है. राज्यभर में 9,341 चक्रवात आश्रय केंद्र तैयार रखे गए हैं, जिनमें से 2,623 केंद्रों को चालू कर दिया गया है. लोगों को जरूरत पड़ने पर तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए प्रशासन लगातार काम कर रहा है.
चक्रवात से निपटने के लिए 418 बचाव और राहत टीमें मैदान में उतारी गई हैं. इनमें ODRAF, NDRF, फायर सर्विस और पेड़ हटाने वाली टीमें शामिल हैं. इसके अलावा 28 अतिरिक्त फायर सर्विस टीमों को भी तैयार रखा गया है, ताकि आपात स्थिति में तुरंत मदद पहुंचाई जा सके. दूरसंचार सेवाएं बंद न हों, इसके लिए सैटेलाइट फोन, मोबाइल टेलीकॉम यूनिट और बैकअप सिस्टम की व्यवस्था की गई है.
चक्रवात के कारण रेलवे ने 47 ट्रेनों को रद्द कर दिया है, जबकि 28 ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है. समुद्र में फंसे आंध्र प्रदेश के मछुआरों को सुरक्षित निकालने के लिए कोस्ट गार्ड की मदद ली जा रही है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बुजुर्ग महिलाओं, गर्भवती महिलाओं और संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा है. सरकार और सभी संबंधित विभाग किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट पर हैं.