₹10 का रिचार्ज हुआ पुराना, SIM चालू रखने के लिए अब करना होगा कितना खर्च?
2026 में अगर आपके पास कोई दूसरा या कम इस्तेमाल होने वाला SIM है, जिसे सिर्फ OTP और जरूरी कॉल के लिए चालू रखना चाहते हैं, तो आपको भी हर महीने रिचार्ज कराना पड़ सकता है.
नई दिल्ली: एक समय था जब मोबाइल नंबर को एक्टिव रखने के लिए सिर्फ 10 रुपये का रिचार्ज काफी माना जाता था. लेकिन अब टेलीकॉम कंपनियों के रिचार्ज प्लान काफी बदल चुके हैं. 2026 में अगर आपके पास कोई दूसरा या कम इस्तेमाल होने वाला SIM है, जिसे सिर्फ OTP और जरूरी कॉल के लिए चालू रखना चाहते हैं, तो आपको भी हर महीने रिचार्ज कराना पड़ सकता है.
ऐसे में सबसे बड़ा सवाल है कि Jio, Airtel, Vi और BSNL में सिम को एक्टिव रखने का सबसे सस्ता विकल्प कौन सा है? अगर आपके पास भी ऐसी ही कोई सिम है, जो केवल ओटीपी के लिए ही चालू रखनी पड़ती है, तो यहां हम आपको इन सभी टेलिकॉम कंपनियों के सबसे सस्ते प्लान्स के बारे में बता रहे हैं.
Jio का सबसे सस्ता प्लान:
जियो यूजर्स के लिए 189 रुपये का प्लान सबसे सस्ता है. इसकी वैधता 28 दिन की है. इसमें अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग के साथ कुल 2GB डाटा और 300 SMS की सुविधा दी गई है. अगर आपका नंबर जियो का है और आप इसे एक्टिव रखना चाहते हैं, तो यह एक किफायती विकल्प हो सकता है.
Also Read
Airtel और Vi क सबसे सस्ता प्लान:
Airtel और Vodafone Idea (Vi) का सबसे सस्ता प्लान 199 रुपये का है. इसकी वैधता 28 दिन की है. इसमें अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग के साथ कुल 2GB डाटा और 300 SMS की सुविधा दी गई है. अगर आपका नंबर केवल बैकअप के तौर पर है, तो हर महीने 199 रुपये खर्च करना थोड़ा महंगा पड़ सकता है.
BSNL बना सस्ता विकल्प:
कम इस्तेमाल होने वाले या सेकेंडरी नंबर के लिए BSNL सबसे किफायती विकल्प साबित हुआ है. कंपनी 107 रुपये में 35 दिन की वैधता का प्लान दे रही है. कुछ सर्किल में इसकी कीमत थोड़ी अलग हो सकती है. इस प्लान में 200 मिनट लोकल/एसटीडी कॉल और 3GB डाटा जैसे फायदे मिलते हैं. सिर्फ SIM को लंबे समय तक एक्टिव रखने वालों के लिए BSNL एक सस्ता विकल्प हो सकता है.
सालभर में कितना खर्च होगा?
अगर आपका नंबर सिर्फ OTP, बैंकिंग और कभी-कभार आने वाली कॉल के लिए है, तो रिचार्ज का खर्च भी अहम हो जाता है. 199 रुपये वाले प्लान को बार-बार लेने पर सालभर में करीब 2,500 रुपये तक का खर्चा आ जाता है. वहीं, कम कीमत और ज्यादा वैधता वाला BSNL प्लान इस खर्च को काफी कम कर सकता है.
सेकेंडरी SIM के लिए BSNL रहेगा फायदेमंद:
अगर आपके पास दूसरा नंबर है और उसमें फास्ट इंटरनेट या ज्यादा कॉलिंग की जरूरत नहीं है, तो BSNL का सस्ता वैलिडिटी प्लान आपके लिए एक किफायती ऑप्शन साबित हो सकता है. हालांकि, नेटवर्क कवरेज और 4G उपलब्धता आपके इलाके के हिसाब से अलग हो सकती है. इसलिए SIM पोर्ट करने से पहले अपने क्षेत्र में BSNL नेटवर्क की स्थिति जरूर जांच लें.